सोनबरसा में फर्जी आधार कार्ड बनाने का खुलासा, कंप्यूटर दुकान पर छापेमारी, दो गिरफ्तार

Author Birndra kumar|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
फर्जी आधार कार्ड बनाने के आरोप में दो गिरफ्तार

दो आपरोपित के साथ थाना अध्यक्ष व अन्य पुलिस पदाधिकारी

सोनबरसा पुलिस ने एक कंप्यूटर दुकान पर छापेमारी कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में दुकान संचालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं.

विज्ञापन

Sitamarhi News: सोनबरसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार दोपहर स्थानीय बाजार चौक स्थित देव कंप्यूटर नामक दुकान में छापेमारी कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के कथित धंधे का खुलासा किया है. कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से चार आधार कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कन्हौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द निवासी सरोज कुमार ठाकुर और सोनबरसा थाना क्षेत्र के बसतपुर निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है. सरोज कुमार दुकान संचालक, जबकि दीपक दुकान का स्टाफ बताया जा रहा है.

तलाशी में मिले आधार कार्ड और डिजिटल साक्ष्य

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान दुकान के रैक में छिपाकर रखे गए चार आधार कार्ड बरामद किए गए. इसके अलावा एक डेल कंपनी का लैपटॉप, एक रियलमी मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड बनाने से संबंधित कई दस्तावेज जब्त किए गए.

लैपटॉप और मोबाइल की जांच में कई लोगों के आधार कार्ड से जुड़ी पावती रसीदों की तस्वीरें और व्हाट्सएप चैट भी मिली हैं. पुलिस का दावा है कि इनसे फर्जी आधार कार्ड बनाने से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं.

वैध अनुमति नहीं दिखा सके आरोपित

पूछताछ के दौरान दुकान संचालक और उसके स्टाफ से आधार कार्ड बनाने से संबंधित वैध अनुमति या अधिकृत दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने सभी बरामद सामान जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

पहले भी दर्ज है मामला

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि थाना अभिलेख के अनुसार सरोज कुमार ठाकुर के विरुद्ध पहले भी फर्जी पैन कार्ड बनाने का मामला दर्ज है. वहीं दीपक कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला लंबित है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.


विज्ञापन
Birndra Kumar

लेखक के बारे में

By Birndra Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन