पुपरी में चोरों का तांडव, एक ही रात दो घरों को बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी चोरी

प्रतीकात्मक तस्वीर
सीतामढ़ी के पुपरी में चोरों ने एक ही रात दो घरों में लाखों की चोरी की। घर से बक्से उठाकर 100 फीट दूर ले जाकर तोड़े गए, जिसमें कीमती गहने और नकदी थी। पीड़ित परिवारों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के पुपरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और मोबाइल की चोरी कर ली. सबसे बड़ी वारदात भहमा पासवान टोला, वार्ड संख्या-18 में हुई, जहां चोर घर से बक्से उठाकर ले गए और करीब 100 फीट दूर तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
रात में खुली नींद तो खुला मिला कमरे का दरवाजा
पीड़िता मालती देवी, जो सती पासवान की पत्नी हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 19 जुलाई की रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे.
रात करीब 2:30 बजे उनकी नींद खुली तो एक कमरे का दरवाजा खुला मिला. अंदर जाकर देखा तो बक्से गायब थे और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था.
100 फीट दूर टूटे मिले तीनों बक्से
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे. खोजबीन करने पर घर से करीब 100 फीट दूर तीनों बक्से टूटे हुए मिले.
पीड़िता के अनुसार, चोर करीब 100 ग्राम सोना, 63 भर चांदी, तीन जोड़ी पायल, नाक का चोटला, 10 हजार रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का मोबाइल लेकर फरार हो गए. मोबाइल में एयरटेल का सिम लगा था.
पीड़िता ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई है.
उसी रात दूसरे घर में भी चोरी
इसी रात चोरों ने नागेश्वर साह के घर को भी निशाना बनाया.
आवेदन के अनुसार, वहां से 10 भर पायल, 10 भर चांदी और 3 हजार रुपये नकद की चोरी हुई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों घटनाओं के संबंध में पुपरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










