इंडो-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 2460 बोतल शराब जब्त
2460 बोतल देसी शराब और छह मोटरसाइकिल जब्त
Sitamarhi SSB Action: सीतामढ़ी के सुरसंड में एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2460 बोतल शराब, छह बाइक और दो तस्करों को गिरफ्तार किया. चार तस्कर मौके से फरार हो गए. जब्त शराब नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही थी.
Sitamarhi SSB Action: इंडो-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी की 51वीं बटालियन ने बड़ी सफलता हासिल की है. सुरसंड क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह की गई कार्रवाई में जवानों ने 2460 बोतल देसी शराब और छह मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया. वहीं चार अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
गुप्त सूचना पर की गई नाकेबंदी
जानकारी के अनुसार सुरसंड कैंप में तैनात 51वीं बटालियन के एसएसबी जवानों को नेपाल से शराब की बड़ी खेप तस्करी कर लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पिलर संख्या 304/1 के समीप भारतीय सीमा क्षेत्र में करीब 400 मीटर अंदर विशेष नाकेबंदी की गई.
738 लीटर देसी शराब जब्त
नाकेबंदी के दौरान जवानों ने नेपाल की ओर से आ रही शराब लदी मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया. कार्रवाई में 300 एमएल की कुल 2460 बोतल देसी शराब बरामद की गई. जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 738 लीटर बताई गई है.
दो तस्कर गिरफ्तार, चार फरार
एसएसबी की कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. उनकी पहचान बथनाहा थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव निवासी किशोर महतो तथा बाजपट्टी थाना क्षेत्र के मधुवन बाजार निवासी सरोज कुमार के रूप में हुई है.
वहीं चार अन्य तस्कर जवानों को देखकर शराब लदी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए. उनकी तलाश की जा रही है.
छह बाइक भी हुई जब्त
कार्रवाई के दौरान दो बिना नंबर की बाइक समेत कुल छह मोटरसाइकिल जब्त की गईं. जब्त वाहनों में बीआर06बीके-5391, बीआर06एजेड-4360, बीआर06बीआर-9667 और बीआर06क्यू-5997 नंबर की बाइक शामिल हैं.
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
यह कार्रवाई एसएसबी के एसआई प्रभात राय, एएसआई नुमल तिमसिना तथा जवान अभय नारायण प्रसाद, यदीप एमबी, ओमप्रकाश, कुंताला सुकुमार और छन्नूराम शौरी के संयुक्त नेतृत्व में की गई.
जब्त शराब, बाइक और गिरफ्तार दोनों तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सुरसंड थाना को सौंप दिया गया है.
एक नजर में
| बिंदु | विवरण |
|---|---|
| जिला | सीतामढ़ी |
| थाना क्षेत्र | सुरसंड |
| बरामद शराब | 2460 बोतल |
| कुल मात्रा | 738 लीटर |
| गिरफ्तार तस्कर | 2 |
| फरार तस्कर | 4 |
| जब्त बाइक | 6 |
| कार्रवाई करने वाली एजेंसी | एसएसबी 51वीं बटालियन |
आज की प्रमुख बातें
- एसएसबी ने 2460 बोतल देसी शराब जब्त की.
- दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया.
- चार तस्कर मौके से फरार हो गए.
- छह मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं.
- इंडो-नेपाल सीमा पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई हुई.
सीतामढ़ी के सुरसंड से विजय नारायण मिश्र की रिपोर्ट.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










