सीतामढ़ी के पुपरी में लड़की से बातचीत पर हुआ था विवाद, तीन दिन बाद पेंटिंग कर रहे युवक का फंदे से लटका मिला शव
उमड़ी भीड़ व रोते बिलखते परिजन.
सीतामढ़ी के पुपरी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहाँ नवनिर्मित भवन में पेंटिंग कर रहे एक युवक का शव फंदे से लटका मिला. मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए शक जताया है. पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है.
Sitamarhi News: पुपरी. नगर के वार्ड संख्या 20 में रविवार को एक नवनिर्मित भवन में पेंटिंग का काम कर रहे करीब 18 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना पर पुअनि रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के केशोपुर पूरा गांव निवासी धनेश्वर राय के पुत्र रितेश कुमार के रूप में हुई है.

घटना की सूचना पर सीतामढ़ी से एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाये और घटनास्थल की फोटोग्राफी की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है.
नवनिर्मित भवन में पेंटिंग कर रहा था रितेश
मकान मालिक गौतम कुमार ने बताया कि नवनिर्मित भवन में पेंटिंग का काम चल रहा था. रितेश भी वहां पेंटिंग का काम कर रहा था.
रविवार को जब वे भवन में काम देखने पहुंचे तो रितेश का शव फंदे से लटका हुआ मिला. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ सीतामढ़ी से एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी भी की. पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.
पिता ने लगाया हत्या कर शव लटकाने का आरोप
मृतक के पिता धनेश्वर राय ने अपने बेटे की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि रितेश के मोबाइल पर एक लड़की का बार-बार फोन आ रहा था.
पिता के अनुसार, रितेश ने उन्हें इस बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने यह भी बताया कि करीब तीन दिन पहले सिंगियाही रोड स्थित कार्यस्थल पर जाते समय तीन-चार लड़कों ने रितेश के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी.
धनेश्वर राय का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है. एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने बताया कि एफएसएल टीम और थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है.
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
मोबाइल कॉल और पुरानी मारपीट की भी होगी जांच
मृतक के पिता की ओर से मोबाइल पर लड़की के बार-बार फोन आने और तीन दिन पहले मारपीट व धमकी दिये जाने की बात बतायी गयी है. पुलिस इन बिंदुओं की भी जांच कर सकती है.
फिलहाल युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह स्पष्ट नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: जिस BHU से पढ़ाई की, अब उसी में बनीं सहायक प्रोफेसर, फतेहपुर की बेटी डॉ. श्वेता पांडेय ने रचा इतिहास
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए