Sitamarhi News: जन सहयोग शिविर का शुभारंभ, मंत्री श्रेयसी सिंह ने भ्रष्टाचार पर दिया जीरो टॉलरेंस का संदेश

Updated:
विज्ञापन

जन सहयोग शिविर का उद्घाटन करते प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, डीएम रिची पांडेय और विधायक पंकज कुमार मिश्रा

Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर की चार पंचायतों में आयोजित जन सहयोग शिविर का उद्घाटन प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया. उन्होंने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात दोहराते हुए 30 दिनों के भीतर जनसमस्याओं के समाधान का निर्देश दिया. जानिए खबर विस्तार से...

विज्ञापन

सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट

Sitamarhi News: समयबद्ध तरीके से आम लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को रून्नीसैदपुर प्रखंड की गंगवाराबुजुर्ग, धनुषी, गिद्धा फुलवरिया और गुरूदह उर्फ गौसनगर पंचायत में जन सहयोग शिविर आयोजित किया गया. गंगवाराबुजुर्ग पंचायत में आयोजित शिविर का उद्घाटन जिला प्रभारी मंत्री सह उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, जिला पदाधिकारी रिची पांडेय और स्थानीय विधायक पंकज कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

30 दिनों में शिकायतों के निस्तारण का निर्देश

शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भ्रष्टाचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों से सरकार की योजनाओं को पूरी ईमानदारी और तत्परता के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया.

विधायक ने उठाया श्मशान घाट की जमीन का मुद्दा

जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने बिजली विभाग के अधिकारियों को गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं विधायक पंकज कुमार मिश्रा ने शौचालय निर्माण के लंबित भुगतान का मामला उठाया. उन्होंने गंगवाराबुजुर्ग पंचायत के श्मशान घाट की जमीन का दाखिल-खारिज किए जाने की शिकायत भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी. इस पर मंत्री ने डीएम को जिले के सभी बीडीओ और सीओ कार्यालयों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया, ताकि बिचौलियों की पहचान हो सके.

विधायक आवास पर हुआ मंत्री का स्वागत

शिविर के बाद प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह स्थानीय विधायक पंकज कुमार मिश्रा के धोबहां स्थित आवास पहुंचीं, जहां शॉल, बुके और स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया गया. इस अवसर पर पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा, विधायक बैद्यनाथ प्रसाद, प्रो. वीरेंद्र प्रसाद सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा, प्रखंड अध्यक्ष प्रहलाद महतो सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी: यज्ञ की खुशियां मातम में बदलीं,  बागमती नदी में डूबा युवक ,मौत

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन