सीतामढ़ी: रून्नीसैदपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम
फोटो - > दुर्घटनास्थल पर विलखते परिजन. >> दुर्घटनास्थल पर स्थानीय लोगों व राहगीरों की भीड़. | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर में सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर हंगामा किया.
Runnisaidpur road accident: सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार से अपने घर लौट रहे एक 25 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना गुरुवार की देर शाम की है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया. मृतक की पहचान रून्नीसैदपुर उत्तरी पंचायत के वार्ड नंबर-9 निवासी ललन राम के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है.

Sitamarhi News: बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सुमन कुमार गुरुवार की शाम प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार से अपना काम खत्म कर घर की तरफ लौट रहा था. इसी दौरान प्रखंड मुख्यालय चौक पर सरकारी बस पड़ाव के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमन गंभीर रूप से जख्मी हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों को इसकी सूचना दी गई.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए. जवान बेटे का शव देखकर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा. स्थानीय लोगों और परिजनों ने दुर्घटनास्थल पर ही सड़क पर टायर जलाकर एनएच-22 को पूरी तरह से जाम कर दिया. वे मृतक के शव के साथ प्रदर्शन करते हुए उचित मुआवजे और फरार वाहन चालक की तत्काल पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. सड़क जाम के कारण एनएच-22 पर करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन ठप हो गया.
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही रून्नीसैदपुर के थानाध्यक्ष ललित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को काफी मशक्कत के बाद शांत कराया. थानाध्यक्ष ने परिजनों को सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने और अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया. पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क से जाम हटाया और यातायात दोबारा सुचारू हो सका. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें... पुपरी में अनुमंडल अस्पताल के निर्माण कार्य का एसडीओ ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए