मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सीतामढ़ी अलर्ट, पुनौरा धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Updated:
विज्ञापन

पुनौरा धाम में तैयारियों का जायजा लेते डीएम, एसपी व डीडीसी.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को सीतामढ़ी दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे पुनौरा धाम में नूतन मंदिर प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होंगे. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां कड़ी कर दी हैं.

विज्ञापन

Sitamarhi News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को सीतामढ़ी दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे पुनौरा धाम स्थित नूतन सीताराम मंडपम में आयोजित नूतन मंदिर प्रवेश यानी विग्रह स्थानांतरण एवं प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं.

विज्ञापन

पुनौरा धाम में सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को डीएम रिची पांडेय, एसपी अमित रंजन एवं डीडीसी श्वेता भारती ने पुनौरा धाम मंदिर परिसर पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

निरीक्षण के बाद डीएम एवं एसपी ने कार्यक्रम के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की. अधिकारियों को उनके निर्धारित स्थल और जिम्मेदारियों के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए.

प्रवेश-निकास और भीड़ प्रबंधन पर विशेष नजर

डीएम एवं एसपी ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, महत्वपूर्ण स्थानों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त निगरानी रखने का निर्देश दिया. निर्धारित प्रवेश-निकास व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने और श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित नहीं होने पाए. भीड़ प्रबंधन में लगे सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा अपने-अपने स्थल का पूर्व भ्रमण कर संभावित चुनौतियों को समझने का निर्देश दिया गया.

वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल रहेगा सख्त

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन कराने का निर्देश दिया गया है. कार्यक्रम स्थल पर अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा सुरक्षा में तैनात सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करने को कहा गया.

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए भी आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया.

राघोपुर बखरी में विकास योजनाओं का करेंगे अवलोकन

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में राघोपुर बखरी स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का भ्रमण भी शामिल है. यहां विभिन्न विभागों की ओर से विकासात्मक योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनका मुख्यमंत्री अवलोकन करेंगे.

वहीं, विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. संबंधित विभागों को अपने-अपने स्टॉल, योजनाओं और कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियां व्यवस्थित एवं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

डीएम ने कहा कि पुनौरा धाम का आयोजन जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है. इसलिए कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म अनुश्रवण किया जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए.

सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में तीन दिनों बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे कर्मचारी


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन