शिवहर सांसद लवली आनंद की मांग- सीतामढ़ी और शिवहर को तत्काल सुखाड़ क्षेत्र घोषित करे सरकार
फोटो-4 जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद लवली आनंद व पूर्व सांसद आनंद मोहन. | Prabhat Khabar Network
शिवहर सांसद लवली आनंद ने सीतामढ़ी और शिवहर को तत्काल सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने की मांग की है. किसानों को डीजल अनुदान समेत अन्य राहत देने की अपील.
MP Lovely Anand: शिवहर सांसद लवली आनंद ने सीतामढ़ी तथा शिवहर जिले को तत्काल सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने की मांग की है. मंगलवार को सीतामढ़ी के स्थानीय जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने सरकार से अपील की कि बारिश की कमी के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं. इसलिए सरकार तत्काल सर्वे कराकर दोनों जिलों को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करे. साथ ही किसानों को राहत पहुंचाने के लिए डीजल अनुदान समेत अन्य आवश्यक सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए.
अधिकारियों संग बैठक, दो माह का अल्टीमेटम
सांसद ने बताया कि रीगा, सुप्पी और बैरगनिया क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ दो से तीन घंटे तक मैराथन बैठक की गई है. कई महत्वपूर्ण मामलों में तत्काल कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं. वहीं, क्षेत्र की अन्य जटिल समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को दो माह की सख्त समय-सीमा दी गई है, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके.
Sitamarhi drought News: जमुई की घटना की निंदा, सीएम से करेंगी मुलाकात
जमुई में एक नाबालिग के साथ छेड़खानी की हालिया घटना को सांसद लवली आनंद ने बेहद निंदनीय करार दिया. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. सांसद ने कहा कि वह इस गंभीर और संवेदनशील मामले को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग रखेंगी.
पुनौरा धाम निर्माण में भ्रष्टाचार की आशंका
प्रेसवार्ता में मौजूद पूर्व सांसद आनंद मोहन ने सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम मंदिर के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए पूरे मामले का जल्द खुलासा करने की बात कही. आनंद मोहन ने स्थानीय नेताओं और अधिकारियों से निर्माण कार्य की कड़ी निगरानी रखने की अपील की. उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए करीब 1200 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है, जबकि उपलब्ध आधिकारिक दस्तावेजों में इसके समग्र विकास की लागत 890 करोड़ रुपये बताई गई थी. इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि नंदलाल सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी: भूमिहीनों को मिलेगा बासगीत पर्चा, विकास मित्रों को मिला सर्वे का टास्क
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए