महादेव चौक तालाब का होगा कायाकल्प, अमृत सरोवर परिसर के रूप में विकसित करने की प्रशासनिक तैयारी शुरू
स्थल निरीक्षण के क्रम में जनप्रतिनिधि से चर्चा करते डीआरडीए निदेशक सह प्रखंड नोडल पदाधिकारी शशिकांत शर्मा एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
चोरौत के महादेव चौक स्थित तालाब का कायाकल्प कर उसे अमृत सरोवर परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहाँ पार्क, जिम और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
अमृत सरोवर चोरौत: जिले के चोरौत उत्तरी पंचायत अंतर्गत महादेव चौक के समीप स्थित ऐतिहासिक तालाब की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है. तालाब का समेकित विकास कर इसे आधुनिक ‘चोरौत अमृत सरोवर परिसर’ के रूप में संवारा जाएगा. इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर कसरत तेज कर दी गई है. डीआरडीए निदेशक सह प्रखंड नोडल पदाधिकारी शशिकांत शर्मा, बीडीओ अमित कुमार अमन और प्रमुख प्रतिनिधि सुनील राउत ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर योजना की रूपरेखा तैयार की है.
आपके शहर में
साइट मास्टर प्लान में शामिल होंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
प्रखंड कार्यालय के पत्रांक 1119 (दिनांक 27 अगस्त 2026) के अनुसार भीबी जीरामजी योजना के तहत मास्टर प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत तालाब परिसर को बहुउद्देशीय सार्वजनिक केंद्र बनाया जाएगा.
- बुनियादी ढांचा: तालाब का सौंदर्यीकरण, चारों ओर सीसी पथ, रनिंग ट्रैक, व्यवस्थित छठ घाट एवं चेंजिंग रूम का निर्माण.
- मनोरंजन व स्वास्थ्य: चिल्ड्रेंस पार्क, हरित क्षेत्र (पार्क), ओपन जिम, डिजिटल लाइब्रेरी और सामुदायिक भवन की सुविधा.
- रोजगार व व्यापार: जीविका एसएचजी हट, सी-मार्ट, फूड कोर्ट, तालाब बाजार, फिशिंग सेंटर, पार्किंग और बेहतर प्रकाश व्यवस्था.
सीओ से मांगी गई भूमि सीमांकन व एनओसी रिपोर्ट
बीडीओ ने अंचलाधिकारी (सीओ) को पत्र भेजकर तालाब एवं आसपास उपलब्ध सरकारी जमीन का खाता, खेसरा, रकबा, अतिक्रमण की स्थिति और स्वामित्व रिपोर्ट मांगी है. सीमांकन का कार्य पूरा होते ही नियमानुसार अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस योजना के धरातल पर उतरने से छठ व्रतियों, बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को एक ही परिसर में टहलने, खेलकूद, व्यापार और मनोरंजन की बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी. निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रमोद हाथी, पंसस दिलीप मंडल और मुखिया प्रतिनिधि दीनबंधु पूर्वे उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: पूर्व के विवाद में बड़े भाई पर जानलेवा हमला, दो भाइयों समेत पांच नामजद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए