नई रेफरल व्यवस्था के बाद अस्पताल में बढ़ेगा दबाव, सुरक्षा के लिए तीनों शिफ्ट में गार्ड तैनात
सांकेतिक तस्वीर
नई रेफरल व्यवस्था के लागू होने से सीतामढ़ी सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने का निर्देश दिया है. अब तीनों शिफ्ट में सुरक्षा गार्डों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी. राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ जिला और सदर अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग ने दिया है. स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने सभी असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी किया है. नयी रेफरल व्यवस्था लागू होने के बाद सीतामढ़ी सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
आपके शहर में
गंभीर मरीजों को बड़े अस्पताल में किया जाएगा रेफर
नयी रेफरल व्यवस्था के तहत गंभीर मरीजों को विशेष परिस्थिति में बड़े अस्पताल या नजदीकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया जाना है. इसका उद्देश्य मरीजों को उनके निकटतम सरकारी अस्पताल में समुचित इलाज उपलब्ध कराना है. इसके लिए जिला और सदर अस्पतालों में 24 घंटे सातों दिन ICU और इमरजेंसी सेवाओं के प्रभावी संचालन की व्यवस्था की जा रही है.
मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सीतामढ़ी सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना जतायी गयी है. मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बतायी गयी है. इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो, इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
तीनों शिफ्ट में तैनात होंगे सुरक्षा गार्ड
स्वास्थ्य विभाग ने जिला और सदर अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था की अपने स्तर से समीक्षा करने का निर्देश दिया है. अस्पतालों में तीनों शिफ्ट में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर की तैनाती सुनिश्चित करनी होगी. इसके तहत प्रात:कालीन और संध्या पाली में दो-दो तथा रात्रि पाली में चार सुरक्षा गार्ड की तैनाती का प्रावधान किया गया है.
इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैयारी
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर की तैनाती की जानकारी संबंधित मेन पावर एजेंसी के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा गया है. इसका उद्देश्य अस्पताल परिसर में किसी संभावित अप्रिय घटना के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराना है.
सिविल सर्जन स्तर से शुरू हुई प्रक्रिया
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन स्तर से प्रक्रिया शुरू की जा रही है. जल्द ही सभी इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाने की तैयारी है. स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद अस्पताल प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठा रहा है.
यह भी पढ़ें: नेपाल से गांजा लेकर भारतीय सीमा में घुस रहा था तस्कर, SSB ने दबोचा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए