आवास योजना की जांच के बाद बढ़ा विवाद, तीन साल के बच्चे पर पेट्रोल डालने का आरोप, ASP के पास पहुंचा परिवार
सांकेतिक तस्वीर
सीतामढ़ी के अथरी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत की जांच के बाद एक परिवार पर जानलेवा हमले का आरोप लगा है. विकास कुमार झा ने एएसपी से न्याय की गुहार लगाई है. आरोप है कि जांच के बाद अशोक झा, उमेश झा समेत 10 लोगों ने परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और तीन साल के बच्चे पर पेट्रोल छिड़कने की कोशिश की.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के अथरी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत की जांच के बाद एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है. पीड़ित विकास कुमार झा ने शनिवार को एएसपी आशीष आनंद से मुलाकात कर मामले में न्याय और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
विकास कुमार झा के अनुसार, उनके चाचा के नाम से वर्ष 1996 में बने मकान को दिखाकर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि लेने की शिकायत की गयी थी. शिकायत के बाद 18 सितंबर को बीडीओ कार्यालय से तीन पदाधिकारी जांच के लिए अथरी गांव पहुंचे थे. आरोप है कि जांच के बाद विवाद बढ़ गया और अशोक झा, उमेश झा समेत करीब 10 लोगों ने लाठी-डंडे से परिवार पर हमला कर दिया.
प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि को लेकर की गयी थी शिकायत
विकास कुमार झा ने बताया कि उनके चाचा द्वारा वर्ष 1996 में बनाये गये मकान को दिखाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.30 लाख रुपये की राशि लेने की शिकायत की गयी थी.
शिकायत के बाद बीडीओ कार्यालय की ओर से तीन पदाधिकारियों की टीम 18 सितंबर को मामले की जांच के लिए अथरी गांव पहुंची. पीड़ित पक्ष के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और आरोपितों की ओर से मारपीट की गयी.
लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप
पीड़ित विकास कुमार झा का आरोप है कि जांच के बाद अशोक झा, उमेश झा समेत करीब 10 लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया. इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गयी.
परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
तीन साल के बच्चे पर पेट्रोल डालने का आरोप
विकास कुमार झा ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान अशोक झा ने मोबाइल के डिब्बे में रखे पेट्रोल को उनके ऊपर और उनके तीन वर्षीय भतीजे देवांश के ऊपर छिड़क दिया.
आरोप के अनुसार इसके बाद उमेश झा ने माचिस से आग लगाने की कोशिश की. हालांकि विकास के बहनोई ने माचिस छीन ली, जिससे आग नहीं लग सकी और बड़ी घटना टल गयी.
पीड़ित परिवार ने घटना के दौरान पेट्रोल लगे कपड़े को भी साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखने की बात कही है.
CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्य जांच की मांग
परिवार की ओर से घटना से संबंधित CCTV फुटेज, पेट्रोल लगे कपड़े और घटनास्थल की मिट्टी को साक्ष्य बताया गया है. पीड़ित पक्ष ने इन साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है.
परिवार का कहना है कि वैज्ञानिक जांच से घटना के दौरान पेट्रोल के इस्तेमाल और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि में मदद मिल सकती है.
ASP से मिलकर कार्रवाई की मांग
पीड़ित विकास कुमार झा ने शनिवार को एएसपी आशीष आनंद से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
पीड़ित पक्ष ने मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच कराने का भी आग्रह किया है. फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आयी है.
जांच के बाद स्पष्ट होगी घटना की स्थिति
मामला प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत की जांच के बाद हुए विवाद का बताया जा रहा है. पीड़ित परिवार की ओर से लगाए गये आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
परिवार ने एएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच, साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए