Sitamarhi News: मंत्री के सामने ही मांगा 50 हजार की रिश्वत, डाटा एंट्री ऑपरेटर बर्खास्त
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश देते मंत्री लखेंद्र पासवान
बिहार के मंत्री लखेंद्र पासवान की जनसुनवाई में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक डाटा एंट्री ऑपरेटर पर अनुदान राशि जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा। मंत्री के तत्काल हस्तक्षेप के बाद आरोपी ऑपरेटर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
Sitamarhi Bribery Case: बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान की जनसुनवाई में शनिवार को रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद जिला मिशन कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर चंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया. कार्रवाई मंत्री के निर्देश पर की गई.
जनसुनवाई में फरियादी ने लगाया रिश्वत मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार, सोनबरसा थाना कांड संख्या-129/26 के पीड़ित कमलेश पासवान ने मंत्री के समक्ष शिकायत की कि एससी-एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत मिलने वाली अनुदान राशि जारी कराने के बदले उससे 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है.
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने फरियादी से संबंधित डाटा एंट्री ऑपरेटर को अपने सामने ही फोन लगाने को कहा. शिकायतकर्ता के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान भी कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग दोहराई गई.
मंत्री ने जिला कल्याण पदाधिकारी को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
फोन पर बातचीत के बाद मंत्री लखेंद्र पासवान ने जिला कल्याण पदाधिकारी (डीडब्ल्यूओ) से संपर्क कर संबंधित कर्मी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने एक घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
स्पष्टीकरण असंतोषजनक मिलने पर सेवा समाप्त
जिला कल्याण कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चंदन कुमार से एक घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया.
कार्यालय आदेश में कहा गया है कि चंदन कुमार बेल्ट्रॉन के माध्यम से संविदा पर कार्यरत थे. मंत्री के निर्देश एवं प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर उनकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई. आदेश की प्रति बिहार महादलित विकास मिशन, बेल्ट्रॉन तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी भेजी गई है.
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए