सीतामढ़ी: अल्पसंख्यक छात्रावास की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत, डुमरा सीओ ने किया स्थल निरीक्षण
स्थल निरीक्षण करते सीओ व अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी. | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी में अल्पसंख्यक छात्रावास की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के बाद प्रशासन ने कमर कसी है. डुमरा सीओ ने औचक निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा दिया है. भ्रष्टाचार पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए प्रशासन अब अलर्ट मोड में आ गया है. नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेहसौल में अल्पसंख्यक छात्रावास की बेशकीमती जमीन पर अतिक्रमण की लगातार शिकायत मिल रही थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरा अंचल अधिकारी (सीओ) अंकु गुप्ता ने सोमवार को दल-बल के साथ स्थल का औचक निरीक्षण किया. उनके इस त्वरित एक्शन से इलाके के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है.
Hostel land Encroachment: अतिक्रमण की शिकायत पर सघन जांच शुरू
निरीक्षण के बाद सीओ अंकु गुप्ता ने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों से शिकायत प्राप्त हुई थी कि अल्पसंख्यक छात्रावास की सरकारी जमीन पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है. इसी गंभीर शिकायत के सत्यापन के लिए उन्होंने राजस्व कर्मियों और अन्य संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जमीन की भौतिक स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों से जमीन की वर्तमान स्थिति और उसके सीमांकन के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की.
राजस्व अभिलेखों से किया जा रहा मिलान
स्थल निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी ने अपने साथ लाए गए उपलब्ध सरकारी अभिलेखों का भी बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने बताया कि राजस्व अभिलेखों के कागजात और स्थल की वास्तविक स्थिति का आपस में मिलान कराया जा रहा है. सीओ ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. पूरी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के विधिसम्मत और कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

काम के बदले पैसे मांगने पर सीधे करें शिकायत
दूसरी ओर, डुमरा अंचल कार्यालय में कार्यों के एवज में होने वाले भ्रष्टाचार को लेकर भी सीओ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि सरकारी कार्यों के लिए कोई भी कर्मी या बिचौलिया पैसे की मांग करता है, तो उसकी सीधे शिकायत करें. सीओ ने स्पष्ट किया कि अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि संबंधी कार्य, या प्रमाण-पत्र बनाने जैसी सेवाओं के लिए कोई भी सरकारी शुल्क निर्धारित नहीं है. उन्होंने जनहित में अपना सरकारी मोबाइल नंबर 9031670986 जारी करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत बेहिचक इस नंबर पर दर्ज कराएं. शिकायत मिलने पर तुरंत निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें... अकेले रहने वाले बुजुर्गों का सहारा बनेगी पुलिस, अपराध रोकने को शुरू किया 'पड़ोसी समर्थन प्रणाली' अभियान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए