अकेले रहने वाले बुजुर्गों का सहारा बनेगी पुलिस, अपराध रोकने को शुरू किया 'पड़ोसी समर्थन प्रणाली' अभियान

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुजफ्फरपुर पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व सहायता के लिए विशेष पहल की है. अकेले रहने वाले बुजुर्गों को 24x7 पुलिस मदद मिलेगी.

विज्ञापन

Senior citizen cell: मुजफ्फरपुर जिले में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और आपातकालीन सहायता के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष पहल की शुरुआत की है. इसके तहत 'वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण अभियान' चलाने के साथ-साथ 'समर्पित वरिष्ठ नागरिक कोषांग' का गठन किया जा रहा है. यह व्यवस्था मुख्य रूप से उन बुजुर्गों की देखरेख और त्वरित सहायता के लिए बनाई जा रही है जो घरों में अकेले रहते हैं या जिन्हें नियमित पुलिस सहयोग की जरूरत होती है. इस पहल से जिले में अपराध नियंत्रण में भी काफी मदद मिलेगी.

विज्ञापन

Bihar crime control: ऑनलाइन और थानों में होगा बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन

पुलिस के अनुसार जिले के सभी 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग अपना पंजीकरण करा सकते हैं. पंजीकरण के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों का नाम, पता, आपातकालीन संपर्क सूत्र, ब्लड ग्रुप तथा मेडिकल विवरण का एक सुरक्षित डेटाबेस तैयार किया जाएगा. इसके लिए संबंधित स्थानीय थाने में जाकर या बीट पुलिस अधिकारी के माध्यम से प्रपत्र भरकर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा पुलिस द्वारा जारी किए गए ऑनलाइन लिंक और क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करके भी सीधे फॉर्म भरा जा सकता है.

Muzaffarpur police: 24×7 उपलब्ध रहेगी पुलिस की आपातकालीन सेवा

बुजुर्गों को किसी भी विषम परिस्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए 24×7 प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारी, पुलिस नियंत्रण कक्ष या डायल-112 पर संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इससे अकेले रहने वाले वृद्धजनों को मानसिक सुरक्षा मिलेगी और आपात स्थिति में उन्हें बिना किसी देरी के मेडिकल या पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी.

चोरी रोकने को 'पड़ोसी समर्थन प्रणाली' की शुरुआत

जिले में चोरी, छिनतई, गृहभेदन, डकैती और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने 'पड़ोसी समर्थन प्रणाली' अभियान भी शुरू किया है. पुलिस का मानना है कि अपराधी अक्सर उन मकानों या इलाकों को निशाना बनाते हैं जहाँ निगरानी का अभाव होता है या पड़ोसियों के बीच संवाद शून्य रहता है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और जन-सहयोग को मजबूत करना है.

बाहर जाने पर पड़ोसियों को दें जानकारी, रखें नजर

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी कारणवश घर या शहर से बाहर जाने पर अपने विश्वासापात्र पड़ोसी को जानकारी अवश्य दें, ताकि वे घर की निगरानी रख सकें. घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों का एंगल इस तरह रखने की सलाह दी गई है जिससे सड़क का हिस्सा भी कवर हो सके. इसके अलावा घरेलू सहायकों, नौकरों व किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का निर्देश दिया गया है.

यह भी पढ़ें...प्रेमिका से शादी के लिए टावर पर चढ़कर 12 घंटे तक हंगामा करने वाला आशिक गिरफ्तार,पूछताछ जारी

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन