शेखपुरा में रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 2896 में सिर्फ 1236 अभ्यर्थी हुए शामिल

Updated:
विज्ञापन

Sheikhpura Police Radio Operator Exam: शेखपुरा में पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती की लिखित परीक्षा सात केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई. 2896 में 1236 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सघन जांच और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे.

विज्ञापन

शेखपुरा से निरंजन कुमार की रिपोर्ट
Sheikhpura Police Radio Operator Exam:
शेखपुरा जिले में केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) द्वारा पुलिस रेडियो ऑपरेटर पद पर बहाली के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई. परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

जिले में रामाधीन महाविद्यालय, संजय गांधी स्मारक महिला महाविद्यालय, इस्लामिया उच्च विद्यालय, संस्कार पब्लिक स्कूल, ऊषा पब्लिक स्कूल, डीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा मुरलीधर मुरारका बालिका उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था.

2896 में सिर्फ 1236 परीक्षार्थी हुए शामिल

जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा में कुल 2896 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन केवल 1236 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए. इस प्रकार उपस्थिति लगभग 43 प्रतिशत रही, जबकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे.

सीसीटीवी निगरानी और निषेधाज्ञा के बीच हुई परीक्षा

सरकार के निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई. अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश पर सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रही. इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रही तथा क्षेत्र की सभी फोटोस्टेट दुकानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया.

सघन जांच के बाद मिला प्रवेश

परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया. प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के जूते-चप्पलों तक की जांच की गई. परीक्षा हॉल में केवल प्रवेश पत्र ले जाने की अनुमति थी, जबकि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा. महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई थी.

होटलों और लॉज में चला पुलिस का सर्च अभियान

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शनिवार रात जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने शहर के होटल, लॉज और रेस्टोरेंट में सघन तलाशी अभियान चलाया. पुलिस अधिकारियों ने होटल रजिस्टर की जांच कर ठहरे हुए लोगों का सत्यापन किया, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की संभावना को रोका जा सके.

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चली विशेष ट्रेन

परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने गया-क्यूल रेलखंड पर विशेष ट्रेन का परिचालन किया. शनिवार को अभ्यर्थियों के शेखपुरा पहुंचने और रविवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस लौटने के लिए विशेष रेल सेवा उपलब्ध कराई गई.

इसे भी पढ़ें:नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन