शेखपुरा : कार सीखने के दौरान ब्रेक की जगह दब गया एक्सीलेटर, 22 वर्षीय युवक की मौत

मृतक की फाइल फोटो
Sheikhpura Car Accident : शेखपुरा जिले के बरबीघा में कार चलाना सीख रहा 22 वर्षीय बीकॉम छात्र राजमणि की एक दुखद हादसे में मौत हो गई. ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने से कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई.
Sheikhpura Car Accident : शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र में कार चलाना सीखने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. अनियंत्रित होकर कार मकान की दीवार से टकरा गई, जिससे बीकॉम के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी सुरक्षित बच गए.
शेखपुरा में कार चलाना सीखना पड़ा भारी
दरअसल, बरबीघा थाना क्षेत्र के बेलाव गांव निवासी चंद्रमौली प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र राजमणि की कार हादसे में मौत हो गई. राजमणि बिहारशरीफ में रहकर बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
ब्रेक की जगह दब गया एक्सीलेटर
जानकारी के अनुसार, राजमणि अपने दोस्त की नई कार चलाना सीख रहा था. गांव के दुर्गा स्थान के पास अभ्यास के दौरान उसने गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया. इसके बाद कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार से जा टकराई.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे में राजमणि गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. कार में सवार उसके दो अन्य साथी सुरक्षित बच गए, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरबीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
Also Read : सावन में देवघर जाने वालों के लिए खुशखबरी, क्यूल-शेखपुरा-नवादा-गया जी रेलखंड पर चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










