नवादा-शेखपुरा के ग्रामीण कोड़ीहरी नहर के पानी को लेकर आमने-सामने, सीओ और थानाध्यक्ष ने संभाला मोर्चा, जानिए पूरा मामला
Ai जेनरेटेड इमेज
Kodihari Canal Dispute : नवादा और शेखपुरा जिले के ग्रामीणों के बीच कोड़ीहरी नहर से पानी ले जाने को लेकर सोमवार को जमकर विवाद हुआ. नहर काटकर पानी ले जाने की कोशिश पर नवादा के ग्रामीणों ने विरोध जताया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रशासन ने हस्तक्षेप कर फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में लिया है.
Kodihari Canal Dispute : नवादा के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के जिलवारिया गांव के समीप सोमवार को कोड़ीहरी नहर से पानी ले जाने को लेकर नवादा और शेखपुरा जिले के ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
नहर काटकर पानी ले जाने का प्रयास
बताया जाता है कि शेखपुरा जिले के वर्षा गांव के ग्रामीण नहर को काटकर पानी अपने गांव की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे. इसकी जानकारी मिलने के बाद नवादा जिले के पिंड़पड़वा, जिलवारिया और तनपुरा गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
दोनों पक्षों के बीच होने लगी कहासुनी
ग्रामीणों के आमने-सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. मामला बढ़ता देख इसकी सूचना नवादा के डीएम रवि प्रकाश को दी गई. इसके बाद प्रशासन ने तत्काल मामले में हस्तक्षेप किया.
सीओ और थानाध्यक्ष ने संभाला मोर्चा
डीएम के निर्देश पर पकरीबरावां सीओ निहारिका और थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने दोनों पक्षों के ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया.
52 गांवों को पानी मिलने का ग्रामीणों ने दिया तर्क
नवादा के ग्रामीणों का कहना है कि नहर को काटकर पानी एक गांव की ओर ले जाने से केवल उसी गांव को फायदा होगा. जबकि नहर का पानी यथावत रहने पर करीब 52 गांवों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा. इसी को लेकर ग्रामीणों ने नहर काटने का विरोध किया.
जल संसाधन विभाग करेगा मामले की जांच
अधिकारियों ने मामले की जानकारी जल संसाधन विभाग को दी है. विभाग की जांच के बाद उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है. फिलहाल प्रशासन ने दोनों पक्षों को नहर की खुदाई या कटाव नहीं करने की सख्त हिदायत दी है.
फिलहाल नहर में किसी तरह का कटाव नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक किसी भी पक्ष को नहर के साथ छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं होगी. अधिकारियों की पहल के बाद मौके पर स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है.
प्रशासन की नजर पूरे मामले पर
नहर के पानी को लेकर दोनों जिलों के ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद को देखते हुए प्रशासन पूरे मामले पर नजर रख रहा है. जल संसाधन विभाग की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि नहर के पानी का उपयोग किस तरह किया जाना है.
Also Read : नवादा के आरएमडब्ल्यू कॉलेज में किडनी को लेकर खास चर्चा, जानिए खान-पान की कौन-सी आदतें बढ़ाती हैं खतरा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए