शिवहर में स्वच्छता पखवाड़े की धूम, देकुली धाम को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन की पहल
देकुली धाम स्थित तालाब की साफ-सफाई में जुटे लोग
शिवहर जिले में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत देकुली धाम में वृहद सफाई अभियान चलाया गया. डीएम प्रतिभा रानी ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था जांची.
शिवहर: शिवहर जिले में प्रशासनिक सक्रियता और जन-कल्याणकारी अभियानों का सिलसिला तेजी से जारी है. मंगलवार को जहां एक ओर 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल पर वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, वहीं दूसरी ओर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने प्रशासनिक अमले के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया. दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जिले में प्रशासनिक व सामाजिक गतिविधियां सक्रिय रहीं.
ऐतिहासिक देकुली धाम में चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान
जिले की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बाबा भुवनेश्वरनाथ देकुली धाम महादेव मंदिर परिसर स्थित तालाब एवं आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया. इस दौरान स्थानीय नागरिकों, ग्रामीण युवाओं और क्षेत्र के स्वच्छता कर्मियों ने पूरी ऊर्जा के साथ श्रमदान किया. सभी ने मिलकर मंदिर परिसर तथा तालाब के इर्द-गिर्द बिखरे कूड़े-कचरे, प्लास्टिक थैलियों, सूखे पत्तों व अन्य अपशिष्ट सामग्रियों को हटाया, जिससे पूरा परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आने लगा.
जनसहयोग से ही संभव है स्वच्छ शिवहर का निर्माण: डीएम
अभियान की सफलता पर जिलेवासियों से संवाद करते हुए डीएम प्रतिभा रानी ने अपील की कि हर नागरिक अपने घर, मोहल्ले, गांव, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं, बल्कि निर्धारित कूड़ेदान का ही उपयोग करें और स्वच्छता कर्मियों को पूरा सहयोग दें. डीएम ने रेखांकित किया कि देकुली धाम एक अत्यंत महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे पवित्र स्थलों की साफ-सफाई रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है.
डीएम प्रतिभा रानी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
स्वच्छता अभियान के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम प्रतिभा रानी ने समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया. भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह निरीक्षण किया गया. इस दौरान डीएम ने वेयरहाउस की त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों, साफ-सफाई तथा ईवीएम मशीनों के समुचित रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को वेयरहाउस परिसर की नियमित और समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए