शिवहर में गूंजा 'स्वच्छता ही सेवा' का नारा! 50 दिव्यांगों को मिली ट्राइसाइकिल, बुजुर्गों को बांटे गए मुफ्त चश्मे
डीएम प्रतिभा रानी की बैठक में शामिल अधिकारीगण
शिवहर जिले में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' पखवाड़े के तहत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. इसी के साथ 50 दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल और अन्य लाभुकों को सहायक उपकरण व आर्थिक सहायता राशि के स्वीकृति पत्र बांटे गए.
Sheohar News: शिवहर जिले में गुरुवार को स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और समाज के वंचित एवं दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ पखवाड़े के तहत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. वहीं, स्थानीय गांधी नगर भवन में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित भव्य वितरण शिविर में 50 दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैट्री चालित ट्राइसाइकिल सहित दर्जनों अन्य लाभुकों के बीच सहायक उपकरण व आर्थिक सहायता राशि के स्वीकृति पत्र बांटे गए.
स्वच्छता को दैनिक आदत बनाएं, 1 अक्टूबर को होगा राष्ट्रव्यापी श्रमदान: डीएम
समाहरणालय में आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य सरकारी तंत्र के साथ आम जनमानस को जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है. भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा निर्धारित रूपरेखा के तहत 1 अक्टूबर को जिले भर में "एक दिन, एक घंटा, एक साथ" सामूहिक श्रमदान अभियान चलाया जाएगा. इसके बाद 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर विशेष ग्राम सभाओं, "एक पेड़ मां के नाम" पौधरोपण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों व स्वच्छता चैंपियनों को सम्मानित कर समापन होगा. डीएम ने नागरिकों से ‘स्वच्छ शिवहर, स्वच्छ बिहार’ के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया. एसपी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन का कार्य नहीं, बल्कि सभी नागरिकों व जनप्रतिनिधियों का सामूहिक कर्तव्य है.
50 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल और बुजुर्गों को मिले चश्मे
इधर, गांधी नगर भवन में आयोजित कल्याणकारी वितरण समारोह में जिले भर से आए जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया. आवागमन को सुगम बनाने के लिए 50 पात्र दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई. इसके अलावा ‘उज्ज्वल दृष्टि योजना’ के अंतर्गत 53 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मा, 21 दृष्टिबाधित व्यक्तियों को ब्रेल व ब्लाइंड किट, 3 लाभार्थियों को श्रवण यंत्र और 1 लाभार्थी को स्मार्ट केन सौंपा गया.
विवाह प्रोत्साहन व पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित
समारोह के दौरान अंतर्जातीय एवं निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2 दंपतियों को एक-एक लाख रुपये की सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) प्रमाण-पत्र सौंपे गए. इसके साथ ही वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 3 नए लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 3 पीड़ित आश्रित परिवारों को एकमुश्त आर्थिक संबल का स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया.
समारोह में मंत्री और जिले के आला अधिकारी रहे मौजूद
आयोजन के दौरान मंत्री श्वेता गुप्ता, जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) संजय कुमार, एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, ओएसडी प्रेम सागर मिश्रा, एनईपी निदेशक हरिमोहन कुमार, डीपीओ आईसीडीएस किसलय शर्मा, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ब्रज भूषण कुमार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की सहायक निदेशक सुश्री शुभांगी सिंह तथा जिला जल एवं स्वच्छता समिति के समन्वयक विद्यानाथ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग एवं लाभार्थी उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए