सीवान जेल से मोतिहारी शिफ्ट हुआ शहाबुद्दीन का बेटा ओसामा, जमीन कब्जा करने के मामले में कोर्ट में होगी पेशी

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 01 Nov 2023 6:06 PM

विज्ञापन

ओसामा को रिमांड पर लेने के लिए मोतिहारी की नगर थाना पुलिस की अर्जी पर कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी किया था. पुलिस कोर्ट से जारी प्रोडक्शन वारंट को लेकर आज सीवान पहुंची और ओसामा को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने साथ लेकर चली गई.

विज्ञापन

सीवान. जमीन पर कब्जा करने के मामले में सीवान की जेल में बंद सीवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं. ओसामा शहाब को मोतिहारी पुलिस बुधवार को सीवान से अपने साथ मोतिहारी ले गई. ओसामा के खिलाफ मोतिहारी स्थित बहन के ससुराल में मारपीट और गोलीबारी करने का मामला दर्ज है, इस मामले में मोतिहारी पुलिस ओसामा को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे रिमांड पर लेगी. दरअसल, ओसामा शहाब पर मोतिहारी में गोलीबारी करने, रंगदारी मांगने समेत दूसरे आरोपों में केस दर्ज है. ओसामा को रिमांड पर लेने के लिए मोतिहारी की नगर थाना पुलिस की अर्जी पर कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी किया था. पुलिस कोर्ट से जारी प्रोडक्शन वारंट को लेकर आज सीवान पहुंची और ओसामा को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने साथ लेकर चली गई. जहां कोर्ट में पेश करने के बाद मोतिहारी पुलिस ओसामा को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.

करीब तीन महीने पहले दर्ज हुआ था मामला

करीब तीन महीने पहले मोतिहारी में ओसामा के खिलाफ केस दर्ज हुआ था. एक अगस्त 2023 को मोतिहारी शहर के ज्ञान बाबू चौक पर जमीन को लेकर दो भाई इफ्तेखार अहमद और इम्तेयाज अहमद के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान कुछ लोगों ने हमला कर जमकर फायरिंग की थी और कई गाड़ियों में तोड़ फोड़ भी की थी. इस घटना के बाद इम्तेयाज अहमद के बेटे फरहान अहमद ने नगर थाने में अपने चाचा इफ्तेखार अहमद, अपने चचेरे भाई के साला सीवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब समेत सीवान के रहने वाले सद्दाम, पूर्वी चंपारण पताही निवासी छट्ठू महतो समेत छह लोगों को नामजद अभियुक्ति बनाया था.

अब तक इस मामले में दो लोग गिरफ्तार

सीवान के इफ्तेखार अहमद के बेटे से ही ओसामा की बहन की शादी हुई है. एफआईआर में आरोप लगाया गया कि ओसामा ने समर्थकों के साथ हमला कर जमीन पर कब्जे की कोशिश की. इस दौरान फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गयी थी. इस मामले में पुलिस अबतक तीन लोगों को जेल भेज चुकी है. पुलिस ने छठू महतो के साथ साथ सीवान के औरंगजेब और इरशाद को जेल भेजा है. इसी मामले में अब मोतिहारी पुलिस ओसामा से पूछताछ करेगी.

पिछले दिनों मिला था प्रोडक्शन वारंट

मोतिहारी पुलिस ने रंगदारी औऱ जमीन कब्जा करने के मामले में गिरफ्तार ओसामा शहाब को रिमांड पर लेने के लिए पिछले दिनों प्रोडक्शन वारंट लिया था. मोतिहारी पुलिस ने कोर्ट से वारंट हासिल करने के बाद ओसामा को मोतिहारी लाकर पूछताछ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी. मोतिहारी पुलिस ने पहले ही कहा था कि सीवान जेल को प्रोडक्शन वारंट मिलने के बाद ओसामा को मोतिहारी सेंट्रल जेल भेजा जायेगा. सीवान से लाकर उसे मोतिहारी में सीजेएम कोर्ट मे पेश किया जायेगा. उसके बाद पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.

प्रोडक्शन वारंट पर हुई कार्रवाई

ओसामा शहाब पर मोतिहारी में गोलीबारी करने, रंगदारी मांगने समेत दूसरे आरोपों में केस दर्ज है. इसी मामले में ओसामा को रिमांड पर लेने के लिए मोतिहारी नगर थाने में दर्ज एफआईआर के जांचकर्ता राजकुमार झा ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में अर्जी दी थी. इसके बाद कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया. पुलिस ने कोर्ट से जारी प्रोडक्शन वारंट को केंद्रीय कारा, मोतिहारी को सौंपा है. मोतिहारी सेंट्रल जेल की ओर से सीवान जेल प्रशासन को कानूनी प्रक्रिया के तहत पत्र भेजा गया था.

Also Read: शिक्षकों की नियुक्ति पर सीएम नीतीश कुमार का बड़ा बयान, अनियमितता के आरोप पर कही ये बात

ओसामा शहाब पर कुल चार केस दर्ज

ओसामा शहाब पर सीवान में दो केस दर्ज है. एक केस मोतिहारी में दर्ज है. वहीं, एक केस राजस्थान के कोटा में दर्ज हुआ है, जहां आसोमा को पकड़ा गया था. पिछले साल एमएलसी चुनाव के दौरान सीवान के कुख्यात रईस खान पर हमला हुआ था. रईस खान ने ओसामा पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा था कि ओसामा ने साजिश कर उन पर एक-47 से गोलियां चलवाय़ी थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए.

बाउंड्री को तोड़ दिया

सीवान के हुसैनगंज थाने में अभिषेक कुमार ने हुसैनगंज थाना में एफआईआर दर्ज करा कर ओसामा पर रंगदारी और जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है. अभिषेक कुमार ने पुलिस को बताया है कि उनकी पुस्तैनी जमीन छपिया खुर्द में है. उस जमीन को बेचने के लिए नगर थाना के लक्ष्मीपुर निवासी अर्जुन यादव से एग्रीमेंट किया जा चुका है. जमीन पर जब बाउंड्री का काम अर्जुन यादव के द्वारा कराया जा रहा था तभी 20 से 25 अज्ञात लोगों ने पहुंचकर बाउंड्री को तोड़ दिया और काम बंद नहीं करने पर मर्डर की धमकी दी.

हत्या करने की दी थी धमकी

एफआईआर में कहा गया है कि हमला करने वाले पिस्टल और लाठी डंडे से लैस थे. अभिषेक कुमार ने बताया कि मो. शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब और तेतरिया निवासी पूर्व मुखिया छोटे उर्फ कुतुबुद्दीन के पुत्र सलमान उर्फ सैफ इस पूरे घटना में शामिल हैं. अभिषेक कुमार ने बताया कि ओसामा शहाब के द्वारा कई बार कॉल पर मुझे धमकी दी गई कि ये जमीन मुझे दे दो, मुझे कॉलेज खोलना है. नहीं दोगे तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन