बक्सर में ग्रामीणों ने रुकवाया स्कूल भवन की नींव का काम, कीचड़ और पानी पर ढलाई का लगाया आरोप

दरिहट स्कूल में ढलाई करते मजदूर | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले में एक बालिका प्लस-टू विद्यालय के निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने रोक दिया है. उनका आरोप है कि नींव की ढलाई बारिश के पानी और कीचड़ में की जा रही थी, जिससे भवन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. निर्माण स्थल पर सूचना पट न होने पर भी सवाल उठाए गए हैं.
Darihat School Construction Controversy Rohtas : रोहतास जिला के अकोढ़ीगोला डेहरी प्रखंड के दरिहट स्थित रामप्यारी बालिका प्लस-टू विद्यालय में बन रहे दो कमरों के निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए नींव की ढलाई रुकवा दी. ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश का पानी पूरी तरह निकाले बिना और कीचड़युक्त जमीन पर ही ढलाई की जा रही थी, जिससे भवन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.
Rohtas News : 'पानी और कीचड़ पर हो रही थी ढलाई', ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीण गोलू कुमार, प्रमोद कुमार तथा विद्यालय के कक्षपाल जफरुल अंसारी ने बताया कि नींव की खुदाई के बाद उसमें बारिश का पानी भर गया था. आरोप है कि पानी निकालने के बाद बिना उचित सफाई किए कीचड़ और मिट्टी पर ही ढलाई शुरू कर दी गई. ग्रामीणों का कहना है कि पहले नींव को पूरी तरह साफ कर सरिया की सफाई की जानी चाहिए थी, उसके बाद ही ढलाई का कार्य होना चाहिए था.
सूचना पट नहीं लगाने पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर सूचना पट नहीं लगाए जाने पर भी आपत्ति जताई. उनका कहना है कि कार्य किस योजना के तहत हो रहा है, इसकी लागत कितनी है और निर्माण एजेंसी कौन है, इसकी कोई जानकारी मौके पर उपलब्ध नहीं है. इससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
प्रधानाध्यापक बोले- पूरी जानकारी नहीं, अभियंता ने कहा- हो चुका है तबादला
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें निर्माण कार्य की लागत और प्राक्कलन की विस्तृत जानकारी नहीं है. वहीं कनीय अभियंता फैजान अख्तर ने कहा कि उनका तबादला दिनारा हो चुका है और मामले की देखरेख संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है.
ठेकेदार पक्ष का दावा- पानी सूखने के बाद होगी सही ढंग से ढलाई
निर्माण एजेंसी के कथित मुंशी ऋतिक पांडेय ने बताया कि पानी सूखने और नींव की सफाई के बाद ही ढलाई कराई जाएगी. जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग की योजना के तहत करीब 14.95 लाख रुपये की लागत से लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन द्वारा विद्यालय में दो कमरों का निर्माण कराया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










