नोखा में दिनदहाड़े वृद्ध महिला से 80 हजार की छिनतई, भाग रहे दो संदिग्धों को लोगों ने दबोचा,70 हजार बरामद
नोखा थाना में पकड़े गए संदिग्ध युवक से पूछताछ करती पुलिस
नोखा बाजार में बैंक से पेंशन लेकर लौट रही वृद्ध महिला से 80 हजार रुपये की लूट हुई। ग्रामीणों ने पीछा कर दो संदिग्धों को दबोचा और पुलिस के हवाले किया।
नोखा. थाना मोड़ स्थित मुख्य बाजार में गुरुवार को दिनदहाड़े वृद्ध महिला के बैग से 80 हजार रुपये छीनकर भाग रहे दो संदिग्ध युवकों को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. पकड़े गये युवकों के पास से महिला का बैग और 70 हजार रुपये बरामद किये गये. इसके बाद दोनों को नोखा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना के बाद बाजार में कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही.
आपके शहर में
बैंक से पेंशन की राशि निकालकर निकली थीं महिला
जानकारी के अनुसार दिनारा थाना क्षेत्र के खैरही गांव निवासी स्वर्गीय परमेश्वर सिंह की पत्नी सीता सुंदर कुंवर किसी जरूरी काम से नोखा मुख्य बाजार आयी थीं. बताया जाता है कि उन्होंने स्टेट बैंक से अपनी पेंशन की राशि निकाली थी.
बैंक से 80 हजार रुपये लेकर वह थाना मोड़ के पास पहुंची थीं. इसी दौरान दो युवकों ने मौका देखकर उनके बैग से रुपये छीन लिये और तेजी से भागने लगे.
महिला के शोर मचाने पर पीछे दौड़े लोग
रुपये छीन लिये जाने के बाद वृद्ध महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया. महिला की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे.
लोगों ने दोनों युवकों को भागते देखा तो उनका पीछा शुरू कर दिया. काफी दूरी तक पीछा करने के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया.
इसके बाद लोगों ने दोनों युवकों को नोखा थाना पुलिस के हवाले कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में लोगों की भीड़ जुट गयी.
एक किशोर को लगी चोट
पकड़े गये एक किशोर ने पूछताछ में अपना नाम पुष्पेंद्र पारदी बताया. उसकी उम्र 16 वर्ष है. उसके पिता का नाम साजन पारदी है. वह मूल रूप से तेयारपुर, थाना मायापुर, जिला शिवरी, मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में राजपुर, रोहतास में रह रहा है.
स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े जाने के दौरान किशोर को चोट भी लगी थी. इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए पीएचसी नोखा भेज दिया.
70 हजार रुपये और बैग बरामद
नोखा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि वृद्ध महिला से 80 हजार रुपये छीनने के मामले में स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है.
पुलिस ने दोनों के पास से महिला का बैग और 70 हजार रुपये बरामद किये हैं. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है. वृद्ध महिला के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि छिनतई की इस घटना में दोनों संदिग्धों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी. मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए