रोहतास में 4 हजार से अधिक जीविका दीदियों को मिली रोजगार योजना की सौगात, खाते में पहुंची पहली-दूसरी किस्त, CM को राखी बांधकर जताया आभार
डीएम कार्यालय में आयोजित समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार कार्यक्रम में शामिल महिलाएं
रोहतास जिले की 4000 से अधिक जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ मिला है. उनके खातों में पहली और दूसरी किश्त की राशि जारी की गई है, जिससे स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.
Mahila Rojgar yojana : सासाराम सदर. ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ रोहतास जिले की चार हजार से अधिक जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ मिला. बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम की शुरुआत की. इसका सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोहतास जिले में भी किया गया. समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डीएम दीपक कुमार मिश्रा, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं.
आपके शहर में
पांच लाख महिलाओं को मिली राशि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य के पांच लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में रोजगार और स्वरोजगार के लिए पहली और दूसरी किस्त की राशि हस्तांतरित की गयी. पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये और दूसरी किस्त के तौर पर 20 हजार रुपये दिए गये. रोहतास जिले में भी चार हजार से अधिक जीविका दीदियों के खाते में दोनों किस्तों की राशि पहुंची.
इसके अलावा महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए जीविका निधि के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई. योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है.
112 ग्रामीण हाट-बाजार बनाने की घोषणा
कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की गयी. जी राम जी योजना के सहयोग से राज्य में 112 ग्रामीण हाट-बाजारों के निर्माण को शामिल किया गया है.
महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बाजार
इन हाट-बाजारों के तैयार होने के बाद स्वयं सहायता समूहों और जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों की बिक्री के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा. इससे महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए दूर के बाजारों पर निर्भरता कम होगी.
सरकार की इस पहल से ग्रामीण इलाकों में स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही महिलाओं की आमदनी बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी.
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ और ‘लखपति दीदी’ से संबंधित पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया.
महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को बिहार के विकास से जोड़ते हुए कहा कि जब किसी महिला का आत्मविश्वास बढ़ता है तो उसका पूरा परिवार मजबूत होता है. लाखों महिलाओं के आत्मविश्वासी और आर्थिक रूप से सक्षम बनने से राज्य के विकास को भी गति मिलेगी.
उन्होंने महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया. कार्यक्रम में मौजूद रोहतास जिले की जीविका दीदियों ने भी सरकार की योजनाओं को महिलाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने वाला बताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए