अकोढ़ीगोला में इलेक्ट्रिक स्कूटी के गोदाम में लगी आग, 85 स्कूटी समेत बैटरी-पार्ट्स जलकर राख, 95 लाख का नुकसान
इलेक्ट्रिक स्कूटी गोदाम में लगा आग
अकोढ़ीगोला में इलेक्ट्रिक स्कूटी के गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसमें 85 स्कूटी, बैटरी और पार्ट्स जलकर राख हो गए. आग शॉर्ट सर्किट से लगी और करीब 95 लाख रुपये का नुकसान हुआ. अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
Electric Scooty : अकोढ़ीगोला. बराढ़ी गोला-चांदी रोड में गुरुवार को सरस्वती इलेक्ट्रिक बाइक एवं ई-रिक्शा के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में इविनॉक्स और रॉयल कंपनी की करीब 85 इलेक्ट्रिक स्कूटी, बैटरी और बड़ी संख्या में अन्य पार्ट्स जलकर राख हो गए. गोदाम मालिक के अनुसार अगलगी में करीब 95 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
आपके शहर में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना गुरुवार दिन करीब 11 बजे की है. अचानक गोदाम के अंदर से पटाखे फूटने जैसी तेज आवाजें आने लगीं. कुछ ही देर बाद गोदाम से काला धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया. गोदाम के आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
बैटरी और टायर फटने से बढ़ी दहशत
गोदाम में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बड़ी संख्या में बैटरियां रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई. आग की लपटों के बीच टायर और बैटरी फटने की आवाजें लगातार सुनाई दे रही थीं. धुआं इतना ज्यादा था कि किसी को भी गोदाम के अंदर जाने की हिम्मत नहीं हो रही थी.

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की एक छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. आग की भयावहता को देखते हुए डेहरी से अग्निशमन विभाग की दो और गाड़ियां मौके पर भेजी गईं.
करीब आधे घंटे तक लगातार मशक्कत करने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद जब गोदाम के अंदर का मंजर सामने आया तो वहां रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था.
स्टाफ गोदाम से स्कूटी निकाल रहा था, तभी लगी आग
गोदाम मालिक ने बताया कि गुरुवार को दुकान खोलने के बाद स्टाफ गोदाम से स्कूटी बाहर निकाल रहा था. इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने की वजह से गाड़ियों में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा गोदाम धुएं से भर गया.

उन्होंने बताया कि गोदाम में इविनॉक्स और रॉयल कंपनी की कुल 85 स्कूटी रखी थीं, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं. इसके अलावा करीब 200 बैटरियां और 160 एलईडी बैटरियां भी गोदाम में रखी थीं. आग में ये सभी सामान भी जलकर बर्बाद हो गए.
गोदाम मालिक के मुताबिक आग से करीब 95 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घटना के बाद व्यवसायी और आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है.
पुलिस ने कहा, आवेदन मिलने के बाद होगा नुकसान का आकलन
अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि इलेक्ट्रिक स्कूटी के गोदाम में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान मालिक की ओर से आवेदन मिलने के बाद ही किया जा सकेगा. फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए