रोहतास: कोचस में छह लाख की तिरंगा लाइटें जलते ही बुझीं, नगरवासियों ने गुणवत्ता पर उठाये सवाल
शहर में सोमवार की देर शाम एनएच 319 और स्टेट हाइवे 17 के ओवरब्रिज पर बूझा पड़ा तिरंगा लाइट | Prabhat Khabar Network
सासाराम नगर पंचायत में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगाई गई छह लाख रुपये की तिरंगा लाइटें जलने के कुछ ही देर बाद बुझ गईं. इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष है और वे योजना के क्रियान्वयन व गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
Sasaram News : नगर पंचायत क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दौरान करीब छह लाख रुपये की लागत से लगायी गयी अधिकांश तिरंगा लाइटें जलने के साथ ही बुझ गयीं. लाइटों के खराब होने के बाद नगरवासियों में इसकी गुणवत्ता और योजना के क्रियान्वयन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं. लोगों ने मामले की जांच कराने की मांग की है.
एनएच-319 से ओवरब्रिज तक सजाये गये थे बिजली के खंभे
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के स्वागत को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में करीब छह लाख रुपये खर्च किये गये थे. इसके तहत शहर के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-319 से लेकर स्टेट हाइवे-17 के ऊपर बने ओवरब्रिज तक बिजली के खंभों को राष्ट्रीय ध्वज की थीम पर तिरंगा लाइटों से सजाया गया था. लेकिन, अधिकांश लाइटें कुछ ही समय में खराब हो गयीं.
लाइटों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
तिरंगा लाइटों के खराब होने को लेकर नगरवासियों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाये हैं. सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद यादव, कांग्रेस नेता सुरेंद्र दुबे, रविंद्र नाथ पाठक, पूर्व जिला पार्षद पूनम श्रीवास्तव, सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता, रविकांत सिंह समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि शहर के सौंदर्यीकरण के नाम पर घटिया गुणवत्ता की लाइटों का इस्तेमाल किया गया है.
नगरवासियों का कहना है कि शहरी क्षेत्र में कई योजनाएं धरातल पर उतरने के बाद जल्द ही खराब स्थिति में पहुंच जाती हैं. लोगों ने नगर पंचायत की विभिन्न योजनाओं में अनियमितता बरते जाने का भी आरोप लगाया है.
नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी उठाये सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत कार्यालय में बिचौलियों का वर्चस्व है और योजनाओं के नाम पर कई बार सिर्फ खानापूर्ति की जाती है. इसके कारण नगर क्षेत्र में कई योजनाएं आधे-अधूरे हालत में पड़ी हुई हैं. नगरवासियों ने नगर पंचायत में कमीशनखोरी और सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोप भी लगाये हैं.
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. नगरवासियों ने रोहतास डीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाये जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है.
ईओ ने जतायी अनभिज्ञता, मुख्य पार्षद ने जल्द मरम्मत का दिया भरोसा
मामले में पूछे जाने पर नगर पंचायत के ईओ ओमप्रकाश सिंह ने तिरंगा लाइटों के खराब होने की जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की. वहीं, मुख्य पार्षद शबनम परवीन ने कहा कि खराब पड़ी तिरंगा लाइटों की मरम्मत के लिए संबंधित एजेंसी को सूचित कर दिया गया है. जल्द ही खराब लाइटों को दुरुस्त करा दिया जायेगा.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए