सासाराम समेत कई प्रखंडों के बीआरसी पर शिक्षकों का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार-मनमानी के विरोध में आंदोलन की दी चेतावनी
मांगों के समर्थन में अपना ज्ञापन सौंपते प्रारंभिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी, सदस्य व अन्य. | Prabhat Khabar Network
शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार और पदाधिकारियों की मनमानी के खिलाफ बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ ने प्रदर्शन किया. शिक्षकों ने बकाया एरियर भुगतान, वेतन निर्धारण और प्रोन्नति लाभ की मांग उठाई है. मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई न होने पर चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है.
शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार और पदाधिकारियों की मनमानी के विरोध में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड संसाधन केंद्रो (बीआरसी) पर शिक्षकों ने प्रदर्शन किया. राज्य कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह और जिला प्रधान सचिव जगन्नाथ सिंह ने संयुक्त रूप से किया.
आपके शहर में
शिक्षकों ने विभागीय स्तर पर कार्यों के निष्पादन में हो रही परेशानी को लेकर नाराजगी जतायी. प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने सभी कोटि के शिक्षकों के बकाया एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग की. साथ ही प्रधान शिक्षकों का वेतन निर्धारण कर एरियर का भुगतान करने की मांग उठायी. शिक्षकों ने उर्दू स्कूलों में गुरुवार को हाफ डे के साथ विद्यालय संचालन की व्यवस्था जल्द लागू करने की भी मांग की.
संघ ने नियोजित एवं विशिष्ट शिक्षकों को प्रोन्नति का लाभ शीघ्र देने और सभी शिक्षकों का समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. संघ के जिला अध्यक्ष व जिला प्रधान सचिव ने कहा कि इन मांगों को लेकर राज्य संघ की ओर से चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है. सरकार और विभाग की ओर से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जायेगा.
विभिन्न प्रखंडों में ये शिक्षक रहे मौजूद
सासाराम बीआरसी पर जगनारायण पासवान, उदय पाल, बद्री शर्मा, राखी कुमारी, संध्या सिंह, राजबली सिंह, बृजबिहारी सिंह, अजय कुमार राम और गुड्डू श्रीवास्तव सहित शिक्षक मौजूद रहे. डिहरी में विकास कुमार व सुरेंद्र सिंह, नासरीगंज में मनोज कुमार, अरविंद कुमार विद्यार्थी व अजय कुमार, कोचस में संतोष कुमार, रामनाथ सिंह, संजय तिवारी, उपेंद्र कुमार व विजय कुमार तथा करगहर में जसामुद्दीन अंसारी, रवि कुमार, कौशल किशोर और लालबिहारी सिंह सहित शिक्षकों ने प्रदर्शन में भाग लिया. दिनारा में कामरान, मनोज कुमार यादव, राज कुमार मिश्रा व अनिल कुमार, नोखा में संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, अरुण कुमार व अनिल कुमार सिंह, दावथ में अजीत तिवारी, बिक्रमगंज में विश्वजीत कुमार व संतोष ठाकुर, सझौली में हिरामन कुमार व सुनील कुमार तथा चेनारी में शुकुर अंसारी, विनय कुमार, धनंजय कुमार, परशुराम तिवारी व अनिल त्रिपाठी मौजूद रहे. शिवसागर, रोहतास, नौहट्टा, तिलौथू, अकोढ़ीगोला और राजपुर प्रखंडों में भी शिक्षकों ने बीआरसी पर प्रदर्शन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए