रोहतास: जर्जर स्कूल और कमरों की कमी से भड़के ग्रामीण, विद्यालय में जड़ा ताला; BDO के आश्वासन पर खुला

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन : ग्रामीणों से बातचीत कर विद्यालय की समस्याओं की  | Prabhat Khabar Network

बिहार के नोखा में जर्जर भवन और कमरों की कमी से परेशान ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया। बीडीओ के आश्वासन के बाद दो घंटे बाद पढ़ाई फिर से शुरू हो सकी।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के कदवा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शिवपुर शेखपुरवा में कमरों की कमी और जर्जर भवन की समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय में तालाबंदी कर दी, जिससे करीब दो घंटे तक पठन-पाठन ठप रहा. ग्रामीणों ने विद्यालय की व्यवस्था में सुधार और बच्चों की पढ़ाई सुचारू कराने की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

कमरों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त कमरे नहीं होने के कारण कई कक्षाओं के संचालन में परेशानी होती है. इसके चलते बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों ने जर्जर भवन की मरम्मत कराने के साथ अतिरिक्त कमरों के निर्माण की मांग की.

शिक्षकों पर भी लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने कुछ शिक्षकों के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने और विद्यालय अवधि में मोबाइल चलाने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि शिक्षकों की कार्यशैली के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं, जर्जर भवन को लेकर बच्चों की सुरक्षा पर भी चिंता जतायी.

BDO ने मौके पर पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की शिकायत

तालाबंदी की सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली मौके पर पहुंचीं. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर विद्यालय की समस्याओं की जानकारी ली. बीडीओ ने विद्यालय भवन की स्थिति, कमरों की संख्या, विद्यार्थियों की उपस्थिति और पठन-पाठन व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली.

जांच के बाद होगी आवश्यक कार्रवाई

बीडीओ ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विद्यालय की समस्याओं की जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. बीडीओ ने मामले की जानकारी प्रखंड नोडल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय को भी दी और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया.

दो घंटे बाद ग्रामीणों ने खोला ताला

करीब दो घंटे की बातचीत के बाद ग्रामीण बीडीओ के आश्वासन से संतुष्ट हुए और विद्यालय का ताला खोल दिया. इसके बाद विद्यालय में दोबारा पढ़ाई शुरू हो सकी. ग्रामीणों ने कहा कि अब वे प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार करेंगे. समय पर समस्या का समाधान नहीं होने पर वे फिर अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखेंगे.

मौके पर मुखिया प्रतिनिधि राकेश कुमार सहित कई सामाजिक लोग मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन