रोहतास में स्टेट हाईवे पर जलजमाव से सड़क बनी ‘तालाब’, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सामने रोज पलट रहे ऑटो-ई-रिक्शा, मरीजों की जोखिम में जान

चेनारी मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर जलजमाव
चेनारी के अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सामने बारिश के बाद सड़क तालाब बन गई है, जिससे ऑटो और ई-रिक्शा पलट रहे हैं. मरीजों और स्कूली बच्चों को गंदे पानी से गुजरना पड़ रहा है. विभागों में जिम्मेदारी की खींचतान के चलते स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.
Sasaram Drainage Problem : रोहतास के नगर पंचायत चेनारी के मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर स्थित अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सामने बारिश के बाद हालात बेहद खतरनाक हो गए हैं. सड़क पूरी तरह पानी में डूब चुकी है और अब यह मार्ग सड़क कम, तालाब ज्यादा नजर आ रहा है. इस रास्ते से रोजाना मरीज, एंबुलेंस, स्कूली बच्चे और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन जलजमाव ने इसे जोखिम भरा बना दिया है.
बारिश के बाद जमा पानी ने सड़क की असली स्थिति को पूरी तरह छुपा दिया है. गड्ढे नजर नहीं आने के कारण आए दिन ऑटो और ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. लोगों में डर बना हुआ है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
Sasaram News : हर दिन खतरे के बीच सफर
इस सड़क से गुजरने वाले लोगों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर बुजुर्ग और बच्चों के लिए यह रास्ता और भी मुश्किल बन गया है.
स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. अभिभावकों का कहना है कि हर दिन बच्चों को इस सड़क से भेजना एक जोखिम भरा फैसला बन गया है. बावजूद इसके, समस्या जस की तस बनी हुई है.
Waterlogging Issue : ऑटो चालकों में नाराजगी
स्थानीय ऑटो चालकों ने नगर पंचायत और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है. ऑटो चालक प्रिंस कुमार, रवि कुमार और अंकित कुमार का कहना है कि उनसे नियमित टैक्स लिया जाता है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ नहीं मिलता. जब भी इस समस्या की शिकायत की जाती है तो नगर पंचायत यह कहकर पल्ला झाड़ लेती है कि सड़क स्टेट हाईवे के अंतर्गत आती है.
चालकों का आरोप है कि विभागों के बीच जिम्मेदारी तय नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. हर दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और चालक भी चोटिल हो रहे हैं.
हर साल वही समस्या, नहीं हुआ स्थायी समाधान
स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है. हर बरसात में इसी तरह सड़क पर पानी भर जाता है, लेकिन अब तक जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई. लोगों का कहना है कि अस्थायी उपायों से काम नहीं चलेगा, स्थायी समाधान जरूरी है.
नगर पंचायत ने क्या कहा
इस मामले में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि बारिश के कारण जलजमाव हुआ था और मोटर लगाकर पानी निकाला जा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित सड़क स्टेट हाईवे के अंतर्गत आती है, फिर भी लोगों की सुविधा को देखते हुए नगर पंचायत अपने स्तर पर काम कर रही है.
जिम्मेदारी तय करने की मांग तेज
अब स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्टेट हाईवे और नगर पंचायत के बीच जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए. लोगों का कहना है कि जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










