देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं सासाराम एसडीएम प्रिया रानी, वार्ड से इमरजेंसी तक लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान डॉक्टर से स्वास्थ्य सेवा की जानकारी लेती एसडीएम | Prabhat Khabar Network
सासाराम एसडीएम प्रिया रानी ने सदर अस्पताल का देर रात औचक निरीक्षण किया। मरीजों की सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए सख्त निर्देश।
सासाराम सदर. सदर अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए सासाराम एसडीएम प्रिया रानी देर रात अचानक अस्पताल पहुंचीं. एसडीएम के औचक पहुंचते ही अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच शुरू हो गई. उन्होंने अस्पताल के वार्डों से लेकर इमरजेंसी सेवा तक का जायजा लिया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली.
आपके शहर में
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की भी जानकारी ली. उन्होंने देखा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है या नहीं. साथ ही दवाओं और जरूरी चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली गई.
पेयजल, सफाई और शौचालय व्यवस्था का भी लिया जायजा
एसडीएम ने अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और बैठने की व्यवस्था को भी देखा. इसके अलावा बिजली और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया. अस्पताल परिसर में मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया.
इमरजेंसी में तत्काल इलाज के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल की चिकित्सकीय व्यवस्था और विभिन्न सेवाओं के संचालन की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली. उन्होंने विशेष रूप से इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
मरीजों को परेशानी हुई तो तय होगी जिम्मेदारी
एसडीएम प्रिया रानी ने कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लोगों को सुलभ और समयबद्ध तरीके से मिले, यह सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी है.
कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश
उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और जहां भी कमी हो, उसे तत्काल दूर करने का निर्देश दिया. साथ ही स्वच्छता, बिजली, पेयजल, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया.
औचक निरीक्षण से कर्मियों में दिखी सक्रियता
देर रात हुए इस औचक निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित कर्मियों में भी सक्रियता दिखी. प्रशासन का फोकस अस्पताल में मरीजों के लिए बेहतर और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए