कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह यादव का निधन, राजनीतिक जगत में शोक
कांग्रेस नेता मोहन सिंह यादव की आखिरी तस्वीर
Sasaram News: रोहतास के शिवसागर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह यादव का 75 वर्ष की आयु में हृदयाघात से निधन हो गया. उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और राजनीतिक व सामाजिक जगत में शोक व्यक्त किया जा रहा है. वे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के करीबी माने जाते थे और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े थे. उनके निधन को क्षेत्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है.
Sasaram News: (सुजीत कुमार) रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड से कांग्रेस के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता मोहन सिंह यादव का सोमवार सुबह हृदयाघात से निधन हो गया. वे 75 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है. कुछ दिन पहले हादसे में हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मोहन सिंह यादव ऑटो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें उन्हें हल्की चोटें आई थीं. इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई थी और वे घर पर ही आराम कर रहे थे.
अखबार पढ़ते समय पड़ा दिल का दौरा
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह वे अपने घर पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हृदयाघात हुआ.. परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया.
कांग्रेस संगठन में थी मजबूत पकड़
मोहन सिंह यादव लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे और क्षेत्रीय राजनीति में उनकी गहरी पकड़ थी. वे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीरा कुमार के करीबी माने जाते थे. पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे.
सरल स्वभाव से लोगों के दिलों में बनाई जगह
अपने सरल, मिलनसार और सहज स्वभाव के कारण वे आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थे. किसी भी जरूरतमंद की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे, यही कारण था कि समाज के हर वर्ग में उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था.
अपूरणीय क्षति, हर ओर शोक
उनके निधन को क्षेत्र की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए