चेनारी में वेतन-पीएफ को लेकर सफाई कर्मियों की फिर हड़ताल, सड़कों पर लगा कूड़े का अंबार

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर कूड़े की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

चेनारी में वेतन-पीएफ की समस्या को लेकर सफाई कर्मियों ने हड़ताल की है, जिससे नगर में गंदगी फैल गई है. दुर्गा पूजा से पहले समाधान की उम्मीद.

विज्ञापन

चेनारी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने वेतन और पीएफ की राशि को लेकर एक बार फिर हड़ताल शुरू कर दी है. सफाई कर्मियों के काम बंद करने से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है. मुख्य सड़कों से लेकर विभिन्न गलियों में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है. नियमित सफाई नहीं होने के कारण सड़क किनारे कचरा जमा हो गया है. इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

सफाई कर्मी रामकवल डोम का कहना है कि उन्हें समय पर मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता है. मानदेय के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने के बावजूद भुगतान में देरी होती रहती है. कर्मियों के अनुसार, भविष्य निधि यानी पीएफ की राशि भी समय पर जमा नहीं की गई है. जब भी इस संबंध में जानकारी मांगी जाती है, तो जल्द जमा हो जाने की बात कहकर मामले को टाल दिया जाता है. इससे सफाई कर्मियों में नाराजगी बनी हुई है.

कर्मियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने और पीएफ की राशि जमा नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है.हड़ताल का असर नगर पंचायत के मुख्य बाजार के साथ-साथ विभिन्न वार्डों की गलियों में भी दिखाई दे रहा है. नियमित रूप से उठाए जाने वाले कूड़े का ढेर कई स्थानों पर जमा हो गया है. कचरा सड़क किनारे बिखरा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.

दुकानदारों का कहना है कि बाजार में लंबे समय तक सफाई नहीं होने से दुर्गंध और गंदगी की समस्या बढ़ सकती है. स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से सफाई कर्मियों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है.

दुर्गा पूजा से पहले व्यवस्था सामान्य करने की तैयारी

आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए सफाई व्यवस्था को लेकर भी नगरवासियों की चिंता बढ़ गई है. पूजा के दौरान बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है. ऐसे में सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने पर परेशानी और बढ़ सकती है. लोगों ने प्रशासन से हड़ताल समाप्त कराने के साथ ही नगर की सफाई व्यवस्था तत्काल बहाल कराने की मांग की है.

जल्द होगा वेतन का भुगतान : कार्यपालक पदाधिकारी

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए राशि जल्द से जल्द डाली जाएगी. सफाई कर्मियों से बातचीत की जा रही है और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर कई और निर्णय लिए जाएंगे. नगर में सफाई व्यवस्था सामान्य रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन