रोहतास के कोचस में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम
सांकेतिक तस्वीर.
कोचस, रोहतास में खेत जाते समय बिजली के हाईटेंशन तार से करंट लगने से 27 वर्षीय युवक लल्लू चौहान की दर्दनाक मौत हो गई. परिवार में छाया मातम.
कोचस (रोहतास). कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत कोचस-बहटूटियां लिंक रोड में मंगलवार की सुबह बिजली का करंट लगने से एक 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान कोचस नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी श्याम नारायण चौहान के 27 वर्षीय पुत्र लल्लू चौहान के रूप में की गई है. हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
खेत जाते समय करंट प्रवाहित तार की चपेट में आया
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह लल्लू चौहान घर से बधार में धान की सोहनी (निराई-गुड़ाई) करने के लिए निकला था. कोचस-बहटूटियां लिंक मार्ग से गुजरने के दौरान रास्ते में वह अचानक नीचे गिरे बिजली के हाईटेंशन/धारा प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया. तेज करंट की चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं.
निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे उठाकर इलाज के लिए एक नजदीकी निजी अस्पताल ले गए. हालांकि, वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही कोचस थाने की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. इस दुखद हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए