इंस्पायर अवार्ड में रोहतास बिहार में अव्वल, 4294 विद्यार्थियों का नामांकन
फोटो कैप्शन. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय फजलगंज. | Prabhat Khabar Network
इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत छात्र-छात्राओं के नामांकन में रोहतास जिले ने बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। जानिए जिले की इस बड़ी उपलब्धि के बारे में पूरी जानकारी।
Rohtas News : इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत छात्र-छात्राओं के नामांकन में रोहतास जिले ने बिहार में पहला स्थान हासिल किया है. 27 अगस्त तक जारी राज्य स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार जिले के कुल 1533 स्कूलों में से 886 स्कूलों ने योजना में भागीदारी करते हुए 4294 छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया है. यह संख्या पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है.
आपके शहर में
नामांकन में मधेपुरा दूसरे और गोपालगंज तीसरे स्थान पर
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान रजनीश उपाध्याय ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड में नामांकन को लेकर रोहतास जिले के स्कूलों की सक्रिय भागीदारी रही है. नामांकन के मामले में मधेपुरा 3555 छात्र-छात्राओं के साथ दूसरे और गोपालगंज 2573 नामांकन के साथ तीसरे स्थान पर है. रोहतास में अन्य जिलों की तुलना में सबसे अधिक विद्यार्थियों का नामांकन होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
कई जिलों में नामांकन की स्थिति बेहद कमजोर
डीपीओ ने बताया कि राज्य के कई जिलों में इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत नामांकन की स्थिति काफी कमजोर है. अरवल, शिवहर, सीवान, सहरसा और लखीसराय जैसे जिलों में अभी महज दो से तीन दर्जन छात्र-छात्राओं का ही नामांकन हो सका है. वहीं पटना और गया जैसे बड़े जिलों में भी क्रमशः केवल 80 और 99 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है. स्कूलों की संख्या अधिक होने के बावजूद इन जिलों की स्थिति रोहतास की तुलना में काफी पीछे है.
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना योजना का उद्देश्य
रजनीश उपाध्याय ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड योजना का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना है. स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को नए विचारों और प्रयोगों के लिए प्रोत्साहित करने से उनमें समस्या समाधान की क्षमता विकसित होती है. योजना के माध्यम से बच्चों को अपने अभिनव विचारों को सामने रखने का अवसर मिलता है.
प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की सक्रियता से मिली सफलता
डीपीओ ने जिले की इस उपलब्धि के लिए प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की सक्रियता की सराहना की. उन्होंने कहा कि स्कूलों की जागरूकता और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के कारण रोहतास ने राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है. उन्होंने शेष स्कूलों से भी जल्द से जल्द छात्र-छात्राओं का नामांकन कराने की अपील की, ताकि योजना में जिले की भागीदारी और मजबूत हो सके और राज्य स्तर पर रोहतास की अग्रणी स्थिति बनी रहे.
Also Read : सासाराम में ताराचंडी धाम जाने वाली सड़क बदहाल, गड्ढों और जलजमाव से बढ़ी राहगीरों की परेशानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए