रोहतास: चेनारी में ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में महिला की मौत, किशोर गंभीर, सड़क किनारे खड़े जब्त ट्रैक्टरों पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर की टक्कर से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई और एक किशोर गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन

Rohtas News : चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर पावर हाउस चेनारी के समीप शनिवार को ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार 70 वर्षीय महिला की मौत हो गयी, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

हादसे में दादी की मौत, पोता गंभीर

मृतका की पहचान चेनारी थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव निवासी 70 वर्षीय सुदेश्वर कुंवर के रूप में हुई है. वहीं घायल की पहचान धर्मेंद्र दुबे के 16 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु दुबे के रूप में की गयी है. परिजनों के अनुसार, दोनों बाइक से घर से चेनारी की ओर आ रहे थे. इसी दौरान पावर हाउस के समीप सामने से आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं.

अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत

ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया गया. सीएचसी के चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि सुदेश्वरा कुंवर को अस्पताल लाये जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. वहीं दिव्यांशु दुबे को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

सड़क किनारे खड़े जब्त ट्रैक्टरों पर परिजनों ने उठाए सवाल

घायल के पिता धर्मेंद्र दुबे ने आरोप लगाया कि पावर हाउस के समीप सड़क किनारे लंबे समय से पुलिस द्वारा जब्त किये गये बालू लदे ट्रैक्टर खड़े हैं. उनका कहना है कि सड़क किनारे जब्त वाहनों के खड़े रहने से रास्ता संकरा हो जाता है और वहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. परिजनों के अनुसार, पूर्व में भी इस स्थान पर कई हादसे हो चुके हैं.

ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है. थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. घायल को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेजा गया है. मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

दो जब्त ट्रैक्टर हटाने की मांग

पेवंदी पंचायत की मुखिया प्रत्याशी धर्मेंद्र बैठा ने प्रशासन से पावर हाउस के समीप सड़क किनारे वर्षों से खड़े दोनों जब्त ट्रैक्टरों को तत्काल हटाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इन वाहनों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने प्रशासन से सड़क को अवरोधमुक्त कराने की अपील की है.

सड़क किनारे वर्षों से खड़े जब्त ट्रैक्टर बन रहे हादसे का कारण

चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाईवे पर पावर हाउस के समीप सड़क किनारे वर्षों से खड़े पुलिस द्वारा जब्त किये गये बालू लदे ट्रैक्टर अब हादसों का कारण बनते जा रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे दो ट्रैक्टर लंबे समय से खड़े हैं, जिससे सड़क का हिस्सा संकरा हो गया है. इसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे इसी स्थान पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में 70 वर्षीय महिला की मौत और 16 वर्षीय किशोर के गंभीर रूप से घायल होने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है. पेवंदी पंचायत की मुखिया प्रत्याशी धर्मेंद्र बैठा ने दोनों जब्त ट्रैक्टरों को तत्काल हटाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह मार्ग चेनारी को मल्हीपुर समेत कई इलाकों से जोड़ता है. इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुप्ता धाम और दुर्गावती डैम जाने के लिए आवागमन करते हैं. ऐसे में सड़क किनारे लंबे समय से खड़े जब्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुरक्षित और अवरोधमुक्त करना जरूरी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन