रोहतास: रितेश पाण्डेय के खेल महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला 21 हजार रुपये का इनाम

तेलपकप में खेल प्रतियोगिता में भाग लेती छात्रा
रोहतास जिले के तेलकप पंचायत में भोजपुरी गायक रितेश पाण्डेय द्वारा आयोजित खेल महोत्सव में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया. प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया. सांस्कृतिक संध्या में रितेश पाण्डेय के गीतों पर दर्शक झूम उठे.
Khel Mahotsav : रोहतास जिले के अकबरपुर प्रखंड के तेलकप पंचायत स्थित पीपी सीएल खेल मैदान में रविवार को भोजपुरी के लोकप्रिय गायक रितेश पाण्डेय की ओर से खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और खेल प्रेमियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. पूरे दिन चले इस आयोजन में खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया.
खेल मैदान में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी. प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. आयोजन स्थल पर अलग-अलग खेलों के लिए व्यवस्था की गई थी, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
साइकिल रेस और मनोरंजक खेलों में दिखा उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान साइकिल रेस, म्यूजिकल चेयर (कुर्सी दौड़), पानी-पूरी खाने की प्रतियोगिता सहित कई मनोरंजक खेल आयोजित किए गए. इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
साइकिल रेस में रसूलपुर की नब्या कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में रीना गुप्ता विजेता बनीं. पानी-पूरी खाने की प्रतियोगिता में रंजना कुमारी और भव्य कुमारी ने बेहतर प्रदर्शन कर जीत दर्ज की.
सभी विजेताओं को मंच से 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार मिलने के बाद विजेताओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला.
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे दर्शक
खेल प्रतियोगिता के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भोजपुरी गायक रितेश पाण्डेय का लाइव कार्यक्रम रहा. उन्होंने अपने लोकप्रिय भोजपुरी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया.
रितेश पाण्डेय के गीतों पर मैदान में मौजूद हजारों दर्शक देर रात तक झूमते रहे. पूरा खेल मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा. युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया.
ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का प्रयास
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है. इसके साथ ही लोगों को स्वस्थ मनोरंजन का अवसर उपलब्ध कराना भी आयोजन का एक उद्देश्य है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें बेहतर मंच देने की. ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










