रक्षाबंधन से पहले सासाराम में मिठाइयों की गुणवत्ता पर सवाल, 500 से ज्यादा दुकानों की अब तक नहीं हुई जांच
फोटो= शहर में एक मिठाई की दुकान पर खरीदारी करता ग्रहक | Prabhat Khabar Network
रक्षा बंधन के त्यौहार पर रोहतास में मिलावटी मिठाइयों का कारोबार जोरों पर है, लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब तक एक भी सैंपल की जांच नहीं की है।
Rohtas News : रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जायेगा. बहनें भाई की कलाई सजाने के लिए राखी और मिठाइयों की खरीदारी में जुट गयी हैं. कई लोगों ने मिठाइयों के ऑर्डर भी दे दिये हैं. लेकिन, त्योहार के इस खुशी भरे माहौल के बीच जिले में मिलावटी मिठाइयों का कारोबार भी जोर पकड़ रहा है. सबसे बड़ी चिंता यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अब तक किसी भी मिठाई दुकान से सैंपल नहीं लिया गया है.
आपके शहर में
जिले में करीब 500 से अधिक छोटी-बड़ी मिठाई की दुकानें हैं. रक्षाबंधन को लेकर इन दुकानों में मिठाइयों का स्टॉक बढ़ाया जा रहा है. शहर के स्टेशन के सामने, पोस्ट ऑफिस चौक, गोला बाजार सहित प्रमुख बाजारों और चौराहों पर स्थायी के साथ अस्थायी मिठाई की दुकानें भी सजने लगी हैं. त्योहार के दौरान जिले में लाखों रुपये के मिठाई कारोबार की संभावना है.
मिलावटी खोवा से तैयार हो रही मिठाइयां, बाहर से भी पहुंच रहा माल
मांग बढ़ने पर कई कारोबारी बाहर से खोवा और मिठाइयां मंगवाते हैं. एक मिठाई कारोबारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि जिले में मिलावटी खोवा से बनी सूखी मिठाइयों का कारोबार फैला हुआ है. उसके अनुसार पैकेट बंद मिठाइयां कानपुर से भी पहुंचती हैं. छोटे-बड़े दुकानदारों से ऑर्डर लेकर कुछ कारोबारी पहले से ही त्योहार के लिए मिठाइयों का स्टॉक रखते हैं और मांग के अनुसार दुकानों तक आपूर्ति करते हैं.
काजू कतरी में मूंगफली, महंगी मिठाइयों में एल्युमिनियम वर्क का आरोप
कारोबारी के अनुसार बाजार में करीब 800 से 1200 रुपये किलो तक बिकने वाली काजू कतरी का वजन बढ़ाने के लिए मूंगफली और चीनी मिलाये जाने की शिकायत है. वहीं, महंगी मिठाइयों पर चांदी के वर्क की जगह एल्युमिनियम वर्क लगाने की बात भी सामने आयी है. इससे लागत कम कर मुनाफा बढ़ाने का आरोप है.
250 से 400 रुपये किलो के मिल्क केक पर भी सवाल
बाजार में 250 से 400 रुपये किलो तक बिकने वाले मिल्क केक की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाये जा रहे हैं. कारोबारी के मुताबिक इसमें सूजी, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल, लिक्विड ग्लूकोज और फिटकरी जैसी सामग्री मिलाकर मिठाई तैयार किये जाने की शिकायत है. हालांकि, इन दावों की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकती है.
त्योहार नजदीक, विभाग की जांच शून्य
रक्षाबंधन में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिठाइयों के सैंपल लेने की कार्रवाई शुरू नहीं हुई है. विभाग की इस निष्क्रियता से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गयी है. मिलावट की शिकायतों के बावजूद जांच नहीं होने से दुकानदारों पर कार्रवाई का दबाव भी नहीं बन पा रहा है.
दो जिलों का प्रभार, फिर भागलपुर में ड्यूटी
खाद्य संरक्षा अधिकारी रौशन कुमार सिंह ने कहा, "मेरा प्रभार रोहतास और कैमूर दोनों जिलों का है. दो जिलों का प्रभार होने के बाद भी मेरी ड्यूटी भागलपुर श्रावणी मेला में लगा दी गयी है. इसकी वजह से रक्षाबंधन के त्योहार पर रोहतास जिले की एक भी मिठाई का सैंपल नहीं लिया जा सका है."
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए