शेरघाटी में समदर्शी फिल्म अवार्ड 2026: बड़ीहां के राजीव कुमार पांडेय को मिला 'बेस्ट एडिटर ऑफ द ईयर' का खिताब, इलाके में खुशी की लहर
शेरघाटी में सम्मानित हुए बडीहां के राजीव पांडेय | Prabhat Khabar Network
रोहतास के राजीव कुमार पांडेय को 'समदर्शी फिल्म अवार्ड 2026' में 'बेस्ट एडिटर ऑफ द ईयर' का प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है. इलाके में जश्न का माहौल है. जानें उनके सफर के बारे में.
इंद्रपुरी (रोहतास). शेरघाटी (गया जी) में आयोजित भव्य 'समदर्शी फिल्म अवार्ड 2026' समारोह में रोहतास जिले के डेहरी प्रखंड अंतर्गत बड़ीहां गांव निवासी युवा फिल्म संपादक राजीव कुमार पांडेय को 'बेस्ट एडिटर ऑफ द ईयर' अवार्ड से सम्मानित किया गया है. फिल्म फेयर अवार्ड के बैनर तले आयोजित इस गरिमामयी समारोह में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने से उनके पैतृक गांव समेत पूरे इलाके में खुशी और उत्सव का माहौल है. राजीव चकन्हा पंचायत की सरपंच मालती देवी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी निर्मल पांडेय के सुपुत्र हैं.
बिहार और झारखंड के कलाकारों का लगा महाकुंभ
शेरघाटी में आयोजित इस भव्य सम्मान समारोह में बिहार और झारखंड के सिनेमा, कला और संगीत जगत के कई दिग्गज कलाकारों व तकनीशियनों ने भाग लिया. कला व संपादन के क्षेत्र में राजीव द्वारा किए गए उत्कृष्ट और नवाचार से परिपूर्ण कार्यों को देखते हुए जूरी ने उन्हें इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ संपादक (Best Editor of the Year) के रूप में चयनित किया. मंच पर सम्मान प्राप्त होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
खुद का प्रोडक्शन हाउस और पोस्ट स्टूडियो, बना चुके हैं 5 फिल्में
राजीव कुमार पांडेय सिनेमा और वीडियो संपादन के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम बन चुके हैं. वे अपना स्वयं का प्रोडक्शन हाउस और अत्याधुनिक पोस्ट-प्रोडक्शन स्टूडियो संचालित करते हैं. इस बैनर तले अब तक पांच सफल भोजपुरी फिल्में और कई चर्चित शॉर्ट फिल्में निर्मित व संपादित हो चुकी हैं, जबकि कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स पर वर्तमान में काम चल रहा है. संपादन के साथ-साथ वे अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं.
परिजनों और शुभचिंतकों ने दी बधाइयां
राजीव की इस शानदार उपलब्धि पर उनके परिजनों, ग्रामीणों और सिने प्रेमियों ने उन्हें तथा समदर्शी फिल्म अवार्ड्स के आयोजकों को ढेर सारी बधाइयां व शुभकामनाएं दी हैं. स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि राजीव ने अपनी कड़ी मेहनत, रचनात्मक दृष्टिकोण और तकनीकी कौशल के दम पर राष्ट्रीय पटल पर जिले और समाज का नाम रोशन किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए