27 फरवरी से रेलवे स्टेडियम में लगेगा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा व्यापार मेला

प्रशिक्षण, ऋण सहायता व सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी
तीन दिवसीय प्रदर्शनी सह-व्यापार मेले में पारंपरिक कारीगरों को मिलेगा बाजार एक मार्च तक चलेगा आयोजन, डीएम उदिता सिंह करेंगी उद्घाटन प्रशिक्षण, ऋण सहायता व सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी फोटो –13- रेलवे स्टेडियम फाइल फोटो. प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस जिले के पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से 27 फरवरी से सासाराम के रेलवे स्टेडियम में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा व्यापार मेला का आयोजन होगा. तीन दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित होगा. इसका उद्घाटन डीएम उदिता सिंह करेंगी. यह मेला भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई विकास व सुविधा कार्यालय पटना द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक हुनर से जुड़े कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना व उनके उत्पादों को प्रत्यक्ष बाजार उपलब्ध कराना है. मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए कारीगर अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगे. इनमें बढ़ई, लोहार, कुम्हार, दर्जी, सुनार, नाई, राजमिस्त्री, मोची सहित अन्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े शिल्पकार शामिल होंगे. मेले में भाग लेने वाले कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के साथ ग्राहकों और व्यापारियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा. इसके अलावा यहां आगंतुकों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत मिलने वाली प्रशिक्षण, ऋण सहायता, आधुनिक उपकरण व उद्यमिता से संबंधित जानकारी भी दी जायेगी. साथ ही बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जायेगा. कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक हस्तशिल्प और कारीगरी का सजीव प्रदर्शन भी किया जायेगा. इससे आम नागरिकों को स्थानीय कला और शिल्प से परिचित होने का अवसर मिलेगा. मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा और प्रवेश निःशुल्क होगा. कार्यक्रम के समन्वयक सह एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय पटना के सहायक निदेशक घमण्डी लाल मीणा ने जिले के नागरिकों, उद्यमियों और छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




