चार सूत्री मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई, 24 अगस्त को रोहतास से पटना कूच करेंगे नोखा के डीलर

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन : नोखा में आयोजित फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन की बैठक में शामिल डीलर एवं संघ के पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

नोखा फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर 24 अगस्त को पटना में महाधरना देने का निर्णय लिया है। जानें पूरी खबर विस्तार से।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के नोखा प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन की आवश्यक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष जनेश्वर पासवान ने की, जबकि संचालन महामंत्री जाकिर हुसैन उर्फ गुड्डन ने किया. बैठक में प्रखंड के जनवितरण प्रणाली के सभी विक्रेताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान चार सूत्री मांगों को लेकर 24 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में आयोजित महाधरना को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

अधिक से अधिक डीलरों को पटना पहुंचने की अपील

संघ के नेताओं ने बताया कि डीलर नेता अंबिका यादव और उनकी टीम भिखना पहाड़ी के नेतृत्व में महाधरना आयोजित किया जा रहा है. इसे सफल बनाने के लिए नोखा प्रखंड के सभी जनवितरण विक्रेताओं से अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचने की अपील की गई. बैठक में डीलरों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन करने पर सहमति जतायी.

अनुकंपा पर अनुज्ञप्ति देने में उम्र सीमा खत्म करने की मांग

बैठक में अनुकंपा के आधार पर अनुज्ञप्ति देने में निर्धारित उम्र सीमा की बाध्यता समाप्त करने की मांग प्रमुखता से उठायी गई. इसके साथ ही किसी जनवितरण विक्रेता की मृत्यु के बाद उसके आश्रित को अनुकंपा के आधार पर अनुज्ञप्ति देने की मांग भी की गई.

55 हजार डीलरों को 30 हजार रुपये मानदेय की मांग

संघ की ओर से बिहार के करीब 55 हजार जनवितरण विक्रेताओं को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की मांग रखी गई. महामंत्री जाकिर हुसैन उर्फ गुड्डन ने कहा कि डीलर लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि 24 अगस्त का महाधरना डीलरों की एकजुटता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है.

भ्रष्टाचार खत्म करने और मार्जिन मनी भुगतान की भी मांग

बैठक में जनवितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त करने तथा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मार्जिन मनी का समय पर भुगतान करने की मांग भी उठाई गई. संघ के सदस्यों ने सभी मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया.

बैठक में हारून रशीद, जगनारायण प्रसाद, रामदेव, ललन सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता समेत विभिन्न पैक्स अध्यक्ष और जनवितरण विक्रेता मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन