रोहतास: दिनारा में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, सड़क किनारे कब्जा हटाने के लिए चलेगा अभियान
निरीक्षण करते एसडीएम | Prabhat Khabar Network
दिनारा नगर पंचायत में सड़क अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त। एसडीएम ने मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने और दोबारा कब्जा न होने देने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
Rohtas News : नगर पंचायत दिनारा के मुख्य मार्गों पर सड़क के दोनों किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सड़क जाम और आम लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज ने अतिक्रमण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान चलाकर सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया है.
आपके शहर में
मुख्य बाजार और थाना रोड पर अतिक्रमण की समीक्षा
आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी, दिनारा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत नगर पंचायत के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में नगर क्षेत्र की विभिन्न सड़कों, खासकर मुख्य बाजार, बस स्टैंड और थाना रोड के किनारे हुए अतिक्रमण पर विस्तार से चर्चा की गई.
पहले होगी अतिक्रमण की पहचान, फिर मुनादी
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सबसे पहले सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया जाए. इसके बाद मुनादी कर दुकानदारों और अन्य अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित समय दिया जाए. समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए.
जाम से स्कूली बच्चों और मरीजों को परेशानी
एसडीएम ने कहा कि अतिक्रमण के कारण नगर में आए दिन जाम की स्थिति बनती है. इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को परेशानी होती है. कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर भी होगी निगरानी
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सिर्फ एक दिन की औपचारिकता बनकर न रह जाए. अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर लगातार निगरानी रखी जाए. इसके लिए नगर पंचायत स्तर पर एक टीम गठित करने का भी निर्देश दिया गया है.
दुकानदारों से खुद अतिक्रमण हटाने की अपील
प्रशासन ने नगर के सभी दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों और आम नागरिकों से सड़क किनारे रखे सामान, बोर्ड और अन्य अतिक्रमण को स्वयं हटाने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने और नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए