सासाराम में बनेंगे कई नए छोटे-छोटे पार्क, शाम में भी खुलेगा हिरण पार्क; DM ने शुरू की पहल

Updated:
विज्ञापन

शहर के हिरण पार्क का निरीक्षण करते डीएम, डीएफओ व अन्य निरीक्षण के बाद डीएफओ कार्यालय में बैठक करते डीएम, डीएफओ व अन्य | Prabhat Khabar Network

सासाराम जिला प्रशासन ने शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए नए पार्क बनाने और हिरण पार्क को शाम में भी पर्यटकों के लिए खोलने की योजना बनाई है।

विज्ञापन

Rohtas News : सासाराम शहर को सुंदर और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है. शुक्रवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने शेरशाह सूरी मकबरा के समीप स्थित हिरण पार्क का निरीक्षण किया. उन्होंने पार्क की मौजूदा स्थिति, हरित क्षेत्र, नागरिक सुविधाओं और आगंतुकों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

आपके शहर में

विज्ञापन

सरकारी जमीन पर बनेंगे छोटे-छोटे पार्क

निरीक्षण के बाद वन प्रमंडल कार्यालय में डीएफओ के साथ डीएम ने संयुक्त बैठक की. इसमें शहर में पार्कों के विकास और आम लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थलों के निर्माण पर चर्चा हुई. तय किया गया कि जिला पदाधिकारी आवास के समीप विकसित छोटे पार्क की तर्ज पर शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी छोटे-छोटे पार्क विकसित किए जाएंगे.

जमीन चिह्नित कर चरणबद्ध तरीके से होगा काम

पार्क निर्माण के लिए नगर क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी जमीन और अन्य उपयुक्त स्थलों को चिह्नित किया जाएगा. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से वहां पार्क विकसित करने की योजना पर काम होगा. डीएम ने कहा कि पार्कों के विकास से सासाराम की सुंदरता बढ़ेगी और शहरवासियों को घूमने व कुछ समय सुकून से बिताने के लिए बेहतर जगह मिलेगी.

पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे पार्क

प्रशासन की योजना से शहर के पर्यटन स्थलों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है. शेरशाह सूरी मकबरा समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों के लिए विकसित पार्क आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं. इससे शहर में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है.

शाम में भी खुल सकता है हिरण पार्क

हिरण पार्क को लेकर भी लोगों के लिए अच्छी खबर है. जिला प्रशासन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से समन्वय कर पार्क को सुबह के साथ शाम के समय भी आम लोगों के लिए खोलने की अनुमति लेने का प्रयास करेगा. अनुमति मिलने के बाद लोग शाम में भी पार्क का आनंद उठा सकेंगे. इससे पार्क के उपयोग का समय बढ़ने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

शहर के हिरण पार्क का निरीक्षण करते डीएम, डीएफओ व अन्य  निरीक्षण के बाद डीएफओ कार्यालय में बैठक करते डीएम, डीएफओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
शहर के हिरण पार्क का निरीक्षण करते डीएम, डीएफओ व अन्य निरीक्षण के बाद डीएफओ कार्यालय में बैठक करते डीएम, डीएफओ व अन्य | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन