केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रोहतास में जनआंदोलन की तैयारी, माले कार्यकर्ताओं को मिला संदेश
बैठक में उपस्थित लोग | Prabhat Khabar Network
भाकपा-माले ने मोदी सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। जिला सचिव जवाहरलाल सिंह ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लोकतंत्र खतरे में है।
Rohtas News : नगर क्षेत्र के हरिहरगंज में भाकपा-माले प्रखंड कमिटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता कन्वेंशन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड सचिव कैसर नेहाल ने की. कन्वेंशन में पार्टी संगठन को मजबूत करने और विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन को व्यापक बनाने पर चर्चा हुई.
आपके शहर में
किसान, मजदूर और युवा अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत : जवाहरलाल
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव जवाहरलाल सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र-युवा और समाज के विभिन्न उत्पीड़ित समुदाय अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है और सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है.
संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का लगाया आरोप
जवाहरलाल सिंह ने कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में ‘दिमागी नक्सल’ से देश को मुक्त करने की बात का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसका इस्तेमाल छात्र-युवा आंदोलनों को बदनाम करने और उनके खिलाफ दमन का माहौल बनाने के लिए किया जा सकता है.
आंदोलन की आवाज को अलग-अलग नाम देकर दबाने का आरोप
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के खिलाफ उठने वाली आवाजों को कभी ‘अर्बन नक्सल’, ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’, ‘खालिस्तानी’ या ‘उपद्रवी’ जैसे नाम दिए जाते हैं. उन्होंने इसे सरकार की दमनकारी नीति बताया और कार्यकर्ताओं से व्यापक जनभागीदारी के साथ आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया.
छात्र-युवा और महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर
जिला सचिव ने कार्यकर्ताओं से किसानों, मजदूरों, छात्र-युवाओं, महिलाओं और समाज के अन्य उत्पीड़ित समुदायों को संगठित करने की अपील की. उन्होंने पार्टी की प्रखंड, पंचायत और ब्रांच कमेटियों को मजबूत करने तथा बड़े पैमाने पर छात्र-युवाओं और महिलाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने का आह्वान किया.
रविशंकर राम ने भी रखे विचार
कार्यकर्ता कन्वेंशन को भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य रविशंकर राम ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में पार्टी के कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए