रोहतास: काराकाट प्रखंड कार्यालय पहुंचे DM, लंबित योजनाओं और म्यूटेशन मामलों पर सख्त हुए

1 - काराकाट प्रखंड मुख्यालय पर औचक निरीक्षण में पहुंचे रोहतास डीएम दीपक कुमार मिश्रा 2 - बीडीओ कार्यालय में योजनाओं की जांच करते डीएम | Prabhat Khabar Network
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को काराकाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने लंबित योजनाओं, म्यूटेशन मामलों और जर्जर सड़कों की समस्याओं पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. शनिवार को समीक्षा बैठक होगी.
Rohtas News : रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को काराकाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों का जायजा लिया, फरियादियों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया.
नगर पंचायत की 34 योजनाएं लंबित, डीएम ने मांगी पूरी फाइल
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत काराकाट की 34 योजनाओं का मामला सामने आया, जिनमें निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ है. वार्ड पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा कि टेंडर के बाद भी योजनाएं धरातल पर नहीं उतर सकी हैं. इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को सभी लंबित मामलों की फाइल तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
जर्जर सड़क की समस्या भी उठी, जल्द निर्माण की उम्मीद
प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राम नारायण पासवान ने प्रखंड कार्यालय तक पहुंचने वाले जर्जर मार्ग की समस्या डीएम के समक्ष रखी. संबंधित अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का टेंडर पूरा हो चुका है. इस पर डीएम ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई.
म्यूटेशन और परिमार्जन मामलों पर सख्त निर्देश
मीडिया से बातचीत में डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी योजनाओं एवं लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने विशेष रूप से अंचल कार्यालय में लंबित म्यूटेशन और परिमार्जन मामलों पर सख्ती दिखाते हुए संबंधित कर्मियों को दो दिनों के भीतर अधिकतम लंबित आवेदनों का निष्पादन करने का आदेश दिया.
शनिवार को होगी समीक्षा, प्रगति के आधार पर होगी कार्रवाई
डीएम ने कहा कि शनिवार को जिला स्तर पर समीक्षा बैठक कर लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति की जांच की जाएगी. समीक्षा के आधार पर आगे की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी.
राशन कार्ड और पीएम सूर्य योजना की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान राशन कार्ड, पीएम सूर्य योजना, अभियान बसेरा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने प्रतिवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए.
ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मौके पर बिक्रमगंज अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, डीसीएलआर संतोष कुमार, बीडीओ संजीत कुमार, सीओ रितेश कुमार, राजस्व पदाधिकारी ध्रुव कुमार, बीपीआरओ रेणुका कुमारी, एमओ राहुल कुमार, सीडीपीओ रीता कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी दिलीप कुमार पटेल, जिला मुखिया संघ अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










