रोहतास में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मंदिरों में सजी झांकियां, नन्हे कान्हा ने मोहा मन
रोहतास के डेहरी-डालमियानगर में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं. बच्चों द्वारा प्रस्तुत झांकियों ने सबका मन मोह लिया.
रोहतास के डेहरी-डालमियानगर शहर में माखन चोर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह चरम पर है. यशोदानंदन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का साक्षी बनने के लिए श्रद्धालु दिनभर उपवास रखकर रात 12 बजे होने वाली विशेष पूजा की तैयारी में जुटे हैं. शहर के प्रमुख मंदिरों के साथ लोगों के घरों में भी लड्डू गोपाल के बाल स्वरूप की पूजा के लिए विशेष सजावट की जा रही है.
आपके शहर में
डेहरी के झारखंडी मंदिर, डेहरी बाजार स्थित हनुमान मंदिर, डालमियानगर सब्जी मंडी के पास स्थित शिव हनुमान मंदिर, रतु बिगहा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, ईएसआई परिसर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर और काली मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर आकर्षक सजावट की गई है. मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई जा रही हैं.
रात 12 बजे पूजा-अर्चना
रात 12 बजे भगवान लड्डू गोपाल के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भोग लगाने की तैयारी है. इस दौरान माखन, मिश्री, पंजीरी, फल और मिठाइयों का भोग लगाया जाएगा. जन्माष्टमी को लेकर खासकर महिलाओं और बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
महिलाएं दिनभर व्रत रखकर भगवान के जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटी हैं. वहीं, परिवारों में छोटे बच्चों को बाल कृष्ण के रूप में सजाने की भी तैयारी चल रही है. पीले परिधान, मोर मुकुट, बांसुरी और गले में माला पहने नन्हे कान्हा लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. कई परिवार अपने बच्चों को बाल कृष्ण के रूप में सजाकर मंदिर ले जाने की तैयारी में हैं.
बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्म की झांकी से मोहा सबका मन
एसटी रोहतास विकास विद्यालय, पूर्णवासी बिगहा, डालमियानगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की. बच्चों ने राधा, कृष्ण, बलराम, सुभद्रा, यशोदा और नंद बाबा समेत विभिन्न पात्रों का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी.

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े लोकगीत भी प्रस्तुत किए. बाल कलाकारों की प्रस्तुति और उनकी भाव-भंगिमाओं ने कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों को प्रभावित किया. बच्चों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके बाल स्वरूप को जीवंत कर दिया.

कार्यक्रम में विद्यालय के कई अभिभावक भी मौजूद रहे. उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया. ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ती है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका सरोज कुमार सिंह, गीतांजलि गुप्ता, मेघा शर्मा, श्रुति कुमारी, जिया कुमारी, रितिक पांडे, सौम्या पांडे सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.

कहते हैं आचार्य
नगर पूजा समिति के आचार्य विनय कुमार मिश्रा उर्फ विनय बाबा ने बताया कि जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विधि-विधान से पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है. श्रद्धालु उपवास रखकर आधी रात को भगवान के जन्म के बाद पूजा करते हैं और परिवार की सुख-शांति की कामना करते हैं.
बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है. माखन-मिश्री, फल, मिठाई और पूजा सामग्री के अलावा भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, मुकुट और बांसुरी की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं.
मंदिरों में सजावट और पूजा की तैयारियों के बीच पूरे डेहरी-डालमियानगर शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के साथ मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए