सासाराम : नदियों का जलस्तर बढ़ा, चेनारी में मंडराया बाढ़ का खतरा, विधायक ने मुख्यमंत्री से मांगी तत्काल मदद

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

रोहतास में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल राहत कार्य की मांग की है.

विज्ञापन

Bihar Flood Water : दुर्गावती नदी, सोन नदी एवं पहाड़ी नदियों के बढ़ते जलस्तर से चेनारी विधानसभा क्षेत्र सहित रोहतास जिले में उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है. दो सितंबर को भेजे पत्र में विधायक ने नागरिकों, किसानों और पशुधन की सुरक्षा को लेकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. उन्होंने जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग को सक्रिय करने का आग्रह किया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा

विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने पत्र में कहा है कि लगातार नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों एवं निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है. इससे ग्रामीणों के जान-माल, पशुधन और घरों को खतरा उत्पन्न हो गया है. वहीं, खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलें बर्बाद होने की आशंका है.

प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत और बचाव की मांग

मुरारी प्रसाद गौतम ने मुख्यमंत्री से प्रभावित एवं संभावित बाढ़ग्रस्त इलाकों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है. उन्होंने प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया है.

नाव और बचाव संसाधन उपलब्ध कराने की मांग

पत्र में विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव की व्यवस्था के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों तथा अन्य आवश्यक बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है. उनका कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधनों की व्यवस्था पहले से रहनी चाहिए.

प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था

प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने की मांग की गयी है. साथ ही पशुधन के लिए पर्याप्त पशुचारा उपलब्ध कराने पर भी विधायक ने जोर दिया है.

बाढ़ में नुकसान पर शीघ्र मुआवजा देने की मांग

विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने कहा है कि बाढ़ के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु अथवा जान-माल की क्षति होती है तो सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाए. मकान, पशुधन और अन्य संपत्तियों को होने वाली क्षति का भी आकलन कराने की मांग की गयी है.

जलमग्न फसलों का सर्वे कराने की मांग

किसानों की जलमग्न फसलों का सर्वेक्षण कर नियमानुसार फसल क्षतिपूर्ति देने की मांग भी पत्र में की गयी है. विधायक ने कहा कि फसल नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित किसानों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है.

विधायक ने कहा - प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने की जरूरत

विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने कहा, “दुर्गावती नदी, सोन नदी और पहाड़ी नदियों के बढ़ते जलस्तर से चेनारी सहित रोहतास में स्थिति गंभीर हो रही है. ऐसे समय में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने की जरूरत है. प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन-पानी, चिकित्सा, पशुचारा और बचाव संसाधनों की तत्काल व्यवस्था होनी चाहिए. किसानों की फसल, मकान और पशुधन की क्षति का सर्वे कर पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए सरकार से त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है.”

ALSO READ : रोहतास: जन्माष्टमी पर कृष्ण-राधा के रूप में सजे नन्हे कलाकार, दही-हांडी फोड़ते ही गूंज उठा स्कूल परिसर

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन