रोहतास में शिक्षकों के अमर्यादित आचरण पर डीईओ सख्त: मारपीट या बदसलूकी पर निलंबन और बर्खास्तगी तय
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय. | Prabhat Khabar Network
रोहतास में शिक्षकों के अमर्यादित आचरण पर डीईओ सख्त. दुर्व्यवहार करने वाले शिक्षकों पर निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की होगी कार्रवाई.
Rohtas News: जिले के स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाओं के अमर्यादित, अशोभनीय और अनुशासनहीन आचरण को लेकर शिक्षा विभाग ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मदन राय ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि छात्रों, अभिभावकों या सहकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज अथवा मारपीट की शिकायत मिलने पर तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी. गंभीर मामलों में सीधे निलंबन और आरोप साबित होने पर सेवा समाप्ति व बर्खास्तगी की जाएगी.
सक्षम पदाधिकारी करेंगे शिकायतों की जांच
डीईओ के निर्देशानुसार किसी भी स्कूल से दुर्व्यवहार, मारपीट या अनैतिक आचरण की शिकायत सामने आने पर सक्षम पदाधिकारी से तुरंत जांच कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट में आरोप प्रमाणित होते ही संबंधित शिक्षक के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे. विद्यालयों में अनुशासन और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल बनाए रखने का जिम्मा प्रधानाध्यापकों पर होगा. घटना छिपाने या देर से सूचना देने वाले हेडमास्टरों पर भी कार्रवाई की गाज गिरेगी.
नोखा में मारपीट के बाद जागा विभाग
गौरतलब है कि हाल ही में नोखा प्रखंड के चनकी स्थित स्कूल में शिक्षक दिवस पर बच्चों के सामने ही शिक्षकों के दो गुटों में जमकर मारपीट और गाली-गलौज हुई थी. इस शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने पर विभाग ने पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया था. इसके अलावा उच्च माध्यमिक विद्यालय मठिया में भी शिक्षकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया था, जिसके बाद विभाग ने यह कड़ा कदम उठाया है.
स्कूलों में गरिमापूर्ण माहौल बनाने के निर्देश
डीईओ ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे स्कूलों में शिक्षकों का छात्रों और अभिभावकों के प्रति संवेदनशील व मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित कराएं. उन्होंने दो टूक कहा कि शिक्षक समाज के पथ-प्रदर्शक और राष्ट्र निर्माता होते हैं, उनके आचरण का सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ता है. ऐसे में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Also Read: रोहतास में सोन नदी किनारे गिरी आकाशीय बिजली, मवेशी चरा रहे 21 वर्षीय युवक की मौके पर हुई मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए