नीलगायों व घुड़सारो के आतंक से फसल हो रही बर्बादी, किसान परेशान

प्रखंड क्षेत्र में नीलगायों व घुड़सार के बढ़ते आतंक से किसान गहरी चिंता में
फोटो -3- फसल को चर कर बर्बाद करती नीलगाय व घुड़सार प्रतिनिधि, नासरीगंज प्रखंड क्षेत्र में नीलगायों व घुड़सार के बढ़ते आतंक से किसान गहरी चिंता में हैं. मंगराव, पैगा, मेदनीपुर, फेकन टोला, नुआंव टोला सहित अन्य गांवों में किसानों की खेती बर्बाद हो रही है. हजारों रुपये की लागत और महीनों की कड़ी मेहनत से तैयार फसलें नीलगायों व घुड़सारों के झुंड पल भर में चट कर जा रहे हैं. दिन का उजाला हो या रात का अंधेरा, इनकी गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं. किसानों का कहना है कि अब प्रखंड के लगभग सभी इलाकों में नीलगाय व घुड़सार सक्रिय हो गये हैं. खेतों में लहलहाती फसल देखकर किसान जहां खुश होते हैं, वहीं नीलगाय व घुड़सार का कहर उनकी खुशी को गम में बदल दे रहा है. प्रखंड क्षेत्र में रबी, दलहन, तेलहन, सब्जी, गेहूं, मंसूरी और खेसारी की खेती बड़े पैमाने पर होती है, लेकिन अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाये किसानों के सपनों पर पानी फिरता नजर आ रहा है. किसान मुन्ना कुमार, जाधव, जगनाथ सिंह, लालजी सिंह, सुरेंद्र सिंह, बिंटू सिंह, नीतीश पासवान, राजेश पासवान, ललन यादव, सुरेंद्र यादव, पप्पू यादव और मनोज सहित अन्य किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में सबसे अधिक नुकसान नीलगाय व घुड़सार से हो रहा है. झुंड के झुंड खेतों में घूमते नजर आते हैं और कई एकड़ में लगी फसलों को नष्ट कर देते हैं. बेबस किसान अपनी मेहनत और पूंजी लुटते हुए देखने को मजबूर हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




