रोहतास: चेनारी उप डाकघर में फिर ठप हुई रजिस्ट्री, बनते ही दोबारा खराब हुआ प्रिंटर, सरकारी कामकाज पर लगा ब्रेक

Updated:
विज्ञापन

। | Prabhat Khabar Network

चेनारी उप डाकघर में प्रिंटर बार-बार खराब होने से रजिस्ट्री का काम ठप हो गया है। सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विज्ञापन

Rohtas News : चेनारी उप डाकघर की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. कुछ दिन पहले खराब हुआ प्रिंटर ठीक होने के बाद अब फिर खराब हो गया. इसके कारण रजिस्ट्री कराने पहुंचने वाले आम लोगों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रिंटर खराब रहने से जरूरी सरकारी दस्तावेजों की रजिस्ट्री का काम प्रभावित रहा.

आपके शहर में

विज्ञापन

बार-बार खराब हो रहा प्रिंटर, सरकारी काम पर पड़ रहा असर

जल संसाधन विभाग के कर्मचारी शिजवन चेरो ने बताया कि विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर जरूरी कागजात की रजिस्ट्री कराने के लिए उन्हें चेनारी उप डाकघर भेजा जाता है. लेकिन यहां पहुंचने के बाद अक्सर प्रिंटर खराब होने की जानकारी मिलती है. इससे सरकारी कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाता और कर्मचारियों को निराश होकर लौटना पड़ता है.

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले भी उप डाकघर का प्रिंटर खराब हो गया था. शिकायत वरीय अधिकारियों से किए जाने के बाद उसे ठीक कराया गया था. हालांकि, ठीक होने के कुछ ही समय बाद प्रिंटर ने फिर काम करना बंद कर दिया. लगातार खराबी आने से डाकघर की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

स्थायी समाधान की मांग, नया प्रिंटर लगाने की उठी आवाज

स्थानीय लोगों का कहना है कि चेनारी उप डाकघर में प्रिंटर खराब होने की शिकायत बार-बार सामने आ रही है. यदि मशीन लगातार खराब हो रही है तो विभाग को इसकी स्थायी मरम्मत कराने या नया प्रिंटर उपलब्ध कराने की जरूरत है. सरकारी कार्यालयों से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की रजिस्ट्री बाधित होने से सीधे तौर पर सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है.

डाकघर ने कहा- जल्द दूर होगी तकनीकी समस्या

इधर, उप डाकघर के अधिकारी ने बताया कि प्रिंटर खराब होने की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है. जल्द ही इसे ठीक करा दिया जाएगा. अधिकारी ने यह भी बताया कि सर्वर में भी तकनीकी समस्या चल रही है, जिसके कारण रजिस्ट्री सेवा प्रभावित हो रही है.

प्रिंटर खराब होने की सूचना नहीं, इंतजार के बाद मिलता है जवाब

कई सरकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रिंटर खराब होने की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी जाती. रजिस्ट्री कराने पहुंचने के बाद कर्मचारी करीब 15 से 20 मिनट तक इंतजार करते हैं. इसके बाद उन्हें बताया जाता है कि प्रिंटर खराब है और रजिस्ट्री नहीं हो सकती.

कर्मचारियों का कहना है कि यदि डाकघर के काउंटर या मुख्य द्वार पर प्रिंटर खराब होने की सूचना चस्पा कर दी जाए, तो लोगों को बेवजह इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनका समय भी बर्बाद होने से बच सकता है. लेकिन उप डाकघर में ऐसी कोई सूचना पट नहीं लगायी गयी है.

आखिर कब तक झेलनी पड़ेगी परेशानी?

बार-बार प्रिंटर खराब होने और सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण रजिस्ट्री सेवा प्रभावित होने से आम उपभोक्ताओं और सरकारी कर्मचारियों में नाराजगी है. लोगों का सवाल है कि आखिर चेनारी उप डाकघर में प्रिंटर बार-बार क्यों खराब हो रहा है और कब तक लोगों को इसकी परेशानी झेलनी पड़ेगी. स्थानीय लोगों ने डाक विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

। | Prabhat Khabar Network
। | Prabhat Khabar Network
। | Prabhat Khabar Network
। | Prabhat Khabar Network
। | Prabhat Khabar Network
। | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन