सासाराम में बिहार बंद का असर, पेपर लीक और शिक्षा के निजीकरण के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन
फोटो कैप्शन : बिहार बंद के समर्थन में पोस्ट ऑफिस चौक पर प्रदर्शन करते छात्र-नौजवान के सदस्य. | Prabhat Khabar Network
पेपर लीक और शिक्षा के निजीकरण के विरोध में छात्रों ने शनिवार को बिहार बंद का समर्थन करते हुए शहर में जुलूस निकाला. छात्र नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ भी आवाज उठाई गई.
Rohtas News : पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन, छात्र नेताओं की गिरफ्तारी और शिक्षा के निजीकरण के विरोध में शनिवार को भगत सिंह छात्र नौजवान सभा के बैनर तले बिहार बंद के समर्थन में छात्र-नौजवानों ने शहर में जुलूस निकाला. प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष सोनू दबंग ने किया.
कुशवाहा सभा भवन से निकला जुलूस. पोस्ट ऑफिस चौक पर हुई सभा
जुलूस कुशवाहा सभा भवन से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाई.
पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई की मांग. शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
सभा को संबोधित करते हुए भगत सिंह छात्र नौजवान सभा के राज्य कमेटी सदस्य राहुल सम्राट ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है. उन्होंने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, आत्महत्या करने वाले छात्रों को न्याय, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा के निजीकरण पर रोक तथा सभी के लिए निःशुल्क और समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की.
छात्र नेताओं की रिहाई की मांग. आंदोलन पर कार्रवाई रोकने की अपील
भाकपा (माले) के जिला सचिव कॉमरेड अशोक बैठा ने कहा कि देशभर में गिरफ्तार छात्र नेताओं की अविलंब रिहाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन पर दमनात्मक कार्रवाई बंद करने और पुलिसिया बर्बरता पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाना उचित नहीं है.
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ प्रदर्शन. छात्र-नौजवानों ने दोहराई अपनी मांगें
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इस दौरान छात्र-नौजवानों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाएं और छात्रों के अधिकारों की रक्षा को लेकर अपनी मांगों को दोहराया. आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए