नोखा नगर पर्षद का 1.04 अरब का बजट पारित, विकास योजनाओं पर जोर.
Published by : ANURAG SHARAN Updated At : 18 Mar 2026 5:06 PM
विज्ञापन
प्रखंड मुख्यालय स्थित नगर पर्षद सभागार में बुधवार को सभापति राधेश्याम सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.
विज्ञापन
बोर्ड की बैठक में बजट को मिली मंजूरी, शहर के सौंदर्यीकरण का खाका तैयार
104 करोड़ के बजट में आवारा पशुओं से मुक्ति और बुनियादी ढांचे पर फोकस.97.72 करोड़ के खर्च का अनुमान, आम नागरिकों के सुझावों को दी गयी जगह
फोटो -16- बैठक में उपस्थिति सभापति, उप सभा पति और कार्यपालक पदाधिकारीप्रतिनिधि, नोखा
प्रखंड मुख्यालय स्थित नगर पर्षद सभागार में बुधवार को सभापति राधेश्याम सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक अरब, चार करोड़, 42 लाख, 19 हजार, सात सौ 46 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया. इस अवसर पर उपसभापति धनजी सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ सुजीत कुमार और नगर प्रबंधक प्रवीण कुमार ओझा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित थे. प्रस्तुत बजट के आंकड़ों के अनुसार, आगामी वित्तीय वर्ष में कुल अनुमानित प्राप्ति 104 करोड़, 42 लाख, 19 हजार, 746 रुपये है, जबकि अनुमानित भुगतान 97 करोड़, 72 लाख, 47 हजार रुपये निर्धारित किया गया है. इस प्रकार वित्तीय वर्ष के अंत में 6 करोड़, 69 लाख, 72 हजार, 746 रुपये का संभावित शेष बचेगा. सभापति ने बताया कि यह बजट बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 और संबंधित नियमावलियों के प्रावधानों के तहत तैयार किया गया है. इसमें विज्ञापन के माध्यम से आम नागरिकों से प्राप्त सुझावों को भी शामिल किया गया है, ताकि बजट समावेशी और जनोपयोगी बन सके.जर्जर सड़कों व गलियों का जीर्णोद्धार की योजना
बैठक के दौरान पार्षदों ने शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत विमर्श किया. बजट में विभिन्न वार्डों के लिए कच्ची नाली निर्माण, जर्जर सड़कों व गलियों का जीर्णोद्धार, छतदार चबूतरा व सामुदायिक भवनों के निर्माण को प्राथमिकता दी गयी है. इसके साथ ही वेतन, मजदूरी और कार्यालय संचालन के व्यय पर भी सहमति बनी. कार्यपालक पदाधिकारी डॉ सुजीत कुमार ने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि नगरवासियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें.जानवरों को
पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जायेगा
विकास योजनाओं के अतिरिक्त इस बार बजट में जनसमस्याओं के अनूठे समाधान का भी प्रयास किया गया है. सभापति ने बताया कि नगर पर्षद क्षेत्र में आवारा कुत्तों और लावारिस जानवरों से जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए विशेष प्रावधान किये गये हैं. जानवरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए आवश्यक वाहन और संसाधनों की व्यवस्था की जायेगी. साथ ही हर वार्ड में नल-जल योजना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया है.बैठक के अंत में सभापति ने सभी नागरिकों से नोखा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सहयोग की अपील की. इस दौरान पार्षद सुनीता गुप्ता, सुदामा कुमार, तेज नारायण सिंह, श्रीराम प्रसाद, रामएकबाल, पुष्पा कुमारी, कंचन कुमारी, निर्मला देवी, अली शेर अंसारी, कृष्ण वाती देवी के अलावा प्रधान लिपिक संजय कुमार, टैक्स दरोगा सत्य नारायण प्रसाद व दीपक कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










